शिमला  में एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस और कार में भिड़ंत, माता-पिता और दादी की मौत, पोता गंभीर घायल, IGMC अस्पताल से लौट रहा था परिवार

शिमला  में एचआरटीसी की इलेक्ट्रिक बस और कार में भिड़ंत, माता-पिता और दादी की मौत, पोता गंभीर घायल, IGMC अस्पताल से लौट रहा था परिवार


Last Updated:

शिमला के घणाहट्टी में HRTC बस और कार की टक्कर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई. घायल युवक IGMC में भर्ती है. पुलिस जांच जारी है.

Zoom

शिमला के घंडल में सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत.

शिमला. हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के घणाहट्टी क्षेत्र में गुरुवार को करीब 3 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को जिंदगी भर का गम दे दिया. शिमला के घंडल-सोलह मील के पास कार और HRTC बस से जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में कार सवार बेटे ने अपनी मां, पिता और दादी को खो दिया. तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक घायल बताया जा रहा है और उसे उपचार के लिए IGMC अस्पताल पहुंचाया गया है.

बताया जा रहा है कि परिवार सुबह इलाज के लिए IGMC अस्पताल पहुंचा था. दवाई लेने के बाद सभी कार में सवार होकर वापस घणागुघाट लौट रहे थे. इसी दौरान घंडल-सोलह मील के पास उनकी कार HRTC बस की चपेट में आ गई. कार में दो महिलाएं और दो पुरुष सवार थे. हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. मृतक और घायल फांजी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा ओवरस्पीड और पास लेने के दौरान हुआ. हालांकि हादसे में किसकी गलती थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी. शिमला शहर से करीब 20 किमी दूर यह हादसा पेश आया है.

शिमला पुलिस ने बताया कि पुलिस चौकी धामी में घंडल के समीप बस और कार के बीच हादसे की सूचना मिली थी और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा दुर्घटना के संबंध में तस्दीक की गई.

हादसे के समय कार में कुल चार व्यक्ति (दो पुरुष व दो महिलाएं) सवार थे और इशमें पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला ने आईजीएमसी शिमला में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. कार चालक मनीश पुत्र दयानन्द गंभीर रूप से घायल है, जिसका उपचार चल रहा है. बस में सवार किसी भी यात्री को चोटें नहीं आई हैं.

हादसे में दयानन्द (57) पुत्र ठाकरू राम, निवासी गांव फान्जी, डाकघर घणागूघाट, तहसील अर्की, सोलन की मौत हो गई. इसके अलावा, उनकी पत्नी हेमलता (52) और दयानंद की माता विद्यादेवी (75) की भी जान चली गई. फिलहाल, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.



Source link