Last Updated:
Muzaffarpur Job Camp: नौकरी की तलाश है? तो मुजफ्फरपुर में 28 सितंबर को एक जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा. जिसमें निजी क्षेत्र की कंपनी SIS Ltd. द्वारा 70 पदों पर भर्ती की जाएगी. चयनित अभ्यर्थियों को 12 हजार से 40 हजार रुपये तक का वेतन मिलेगा. जानें डिटेल्स.
Muzaffarpur Job Camp: मुजफ्फरपुर में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रोजगार का अवसर है. बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, मुजफ्फरपुर की ओर से 28 सितंबर 2026 को जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा. यह जॉब कैंप अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गन्नीपुर, मुजफ्फरपुर में सुबह 10 बजे से शुरू होगा. जॉब कैंप में निजी क्षेत्र की कंपनी SIS Ltd., जमुई की ओर से विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा. इसमें सिक्योरिटी गार्ड, सिक्योरिटी सुपरवाइजर, कैश कस्टोडियन और सिक्योरिटी ऑफिसर के पद शामिल हैं. विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार इन पदों के लिए कुल 70 रिक्तियां हैं.
10वीं से ग्रेजुएशन तक के अभ्यर्थी कर सकते हैं आवेदन
इन पदों के लिए अभ्यर्थियों की उम्र 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए. शैक्षणिक योग्यता पद के अनुसार 10वीं, 12वीं या स्नातक निर्धारित की गई है. चयनित अभ्यर्थियों को पद के अनुसार करीब 12 हजार से 40 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा. इसके अलावा PF, ESIC, बोनस, ग्रेच्युटी, पेंशन और इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी. नौकरी का कार्यस्थल पैन इंडिया स्तर पर होगा.
साथ लाने होंगे ये दस्तावेज
जॉब कैंप में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, आधार कार्ड, पैन कार्ड, संबंधित शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और अंक पत्र साथ लाना होगा. इसके साथ पासपोर्ट साइज के दो रंगीन फोटो भी लेकर पहुंचना होगा. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सभी जरूरी दस्तावेजों की मूल प्रति और उपलब्ध होने पर उनकी फोटो कॉपी भी साथ रखें.
NCS पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन जरूरी
जॉब कैंप में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का N.C.S. Portal पर नियोजनालय में निबंधन कराना अनिवार्य है. जिन अभ्यर्थियों का अभी तक नियोजनालय में निबंधन नहीं हुआ है, वे किसी भी कार्य दिवस को अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गन्नीपुर पहुंचकर अपना निबंधन करा सकते हैं. इसके अलावा अभ्यर्थी N.C.S. Portal पर Job Seeker के रूप में ऑनलाइन भी निबंधन कर सकते हैं. ऑनलाइन निबंधन की सुविधा नि:शुल्क है. नियोजनालय ने स्पष्ट किया है कि जॉब कैंप में आने वाली कंपनी निजी क्षेत्र की नियोजक है. नौकरी की शर्तों और नियुक्ति से संबंधित जिम्मेदारी नियोजक की होगी. अवर प्रादेशिक नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदाता की है.