पीड़िता की तस्वीर क्यों शेयर की? जमुई कांड पर तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट को घेरा, कर दी बड़ी मांग

पीड़िता की तस्वीर क्यों शेयर की? जमुई कांड पर तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट को घेरा, कर दी बड़ी मांग


Last Updated:

Bihar News : जमुई नाबालिग छात्रा मामले को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया हैंडल से पीड़िता और उसके परिवार की तस्वीर साझा की गई, जिसे बाद में हटा दिया गया. तेजस्वी ने इसे नाबालिग की पहचान उजागर करने का मामला बताते हुए पुलिस कार्रवाई की मांग की है.

Zoom

तेजस्वी ने बिहार पुलिस से मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

पटना. बिहार के जमुई मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर बड़ा हमला बोला है. तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया हैंडल से जमुई की नाबालिग पीड़िता और उसके परिवार की तस्वीर साझा कर पीड़िता की पहचान उजागर की गई. विवाद के बाद यह पोस्ट हटा दी गई. इस मामले में तेजस्वी ने बिहार पुलिस से मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

तेजस्वी यादव ने कहा कि नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करना गंभीर मामला है. उन्होंने POCSO एक्ट का हवाला देते हुए कहा कि जब बिहार पुलिस सोशल मीडिया पर पीड़िता की पहचान उजागर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है, तो मुख्यमंत्री के सोशल मीडिया हैंडल से सामने आई तस्वीर पर भी कार्रवाई होनी चाहिए. RJD ने संकेत दिया है कि पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो पार्टी कोर्ट का रुख करेगी और मुख्यमंत्री के खिलाफ याचिका दायर करेगी. मामले में बिहार पुलिस को भी पार्टी बनाने की बात कही गई है.

‘मुख्य चुनाव आयुक्त की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रहेगा’

तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के मुद्दे पर भी सरकार और चुनाव आयोग को घेरा. उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग दोहराते हुए कहा कि गिरफ्तारी होने तक RJD का आंदोलन जारी रहेगा. तेजस्वी ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को विवाद से जुड़े सवालों पर जनता के सामने स्पष्टीकरण देना चाहिए.

चिराग पासवान पर भी साधा निशाना

इस दौरान तेजस्वी यादव ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के बयान पर भी तंज कसा. उन्होंने चिराग पासवान पर निशाना साधते हुए कहा, “छोड़िए चिराग पासवान की बात, उसी की तो मलाई खा रहे हैं.” जमुई मामले को लेकर चिराग पासवान ने भी राज्य सरकार से कार्रवाई को लेकर मांग की थी.

क्या है जमुई मामला?

बता दें, जमुई में 19 सितंबर 2026 की शाम एक नाबालिग छात्र और छात्रा स्कूटी से जा रहे थे. जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग के पास मड़वा पहाड़ इलाके में कुछ युवकों ने दोनों को रोक लिया. वायरल वीडियो में युवकों को छात्र के साथ मारपीट और छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार करते देखा गया. पुलिस के मुताबिक, छात्रा के साथ छेड़खानी की गई और उसके साथ मौजूद छात्र से भी मारपीट हुई. घटना का वीडियो बनाया गया, जो 21 सितंबर को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया. इसके बाद पुलिस ने POCSO समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच के लिए SIT बनाई. कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. मुख्य आरोपी बताए गए नंदन यादव को 22 सितंबर को पुलिस मुठभेड़ में पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथ मौजूद हरेराम यादव भी घायल हुआ. घटना के बाद पीड़िता की पहचान से जुड़ी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा किए जाने को लेकर भी विवाद शुरू हो गया. मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है.



Source link