Delhi Police Constable Recruitment Fraud: दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल बनने का सपना लेकर लाखों युवाओं ने भर्ती परीक्षा दी थी, लेकिन अब इसी भर्ती प्रक्रिया के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. वजीराबाद स्थित दिल्ली पुलिस एकेडमी (DPA) में चल रहे फिजिकल एंड्योरेंस एंड मेजरमेंट टेस्ट (PEMT) में एक उम्मीदवार पर आरोप है कि उसने अपनी जगह दूसरे युवक से दौड़ और बाकी फिजिकल टेस्ट करवाए हैं. दरअसल, मामला तब खुला जब हाइट और चेस्ट माप के दौरान अधिकारियों को उसके शरीर पर पसीना और धूल तक नहीं मिली. शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने आरोपी उम्मीदवार को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर लिया है. आइए जानते हैं कि यह पूरी भर्ती कब शुरू हुई, अब तक कौन-कौन से राउंड पूरे हो चुके हैं और आखिर यह फर्जीवाड़ा कैसे सामने आया.
क्या है वजीराबाद DPA का पूरा मामला?
दिल्ली पुलिस एकेडमी (DPA), वजीराबाद में इन दिनों कांस्टेबल (एग्जीक्यूटिव) भर्ती के लिए Physical Endurance and Measurement Test (PEMT) चल रहा है. इस राउंड में उम्मीदवारों को पहले 1600 मीटर दौड़, फिर लॉन्ग जंप और हाई जंप देनी होती है. इन सभी टेस्ट को पास करने के बाद हाइट, चेस्ट और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया जाता है.
इसी दौरान हरियाणा के सोनीपत जिले के सिलाना गांव के रहने वाले 19 वर्षीय अक्षित पर अधिकारियों और दूसरे उम्मीदवारों को शक हुआ. अक्षित जब हाइट और चेस्ट माप के लिए लाइन में खड़ा था, तब उसके शरीर पर न पसीना था और न ही दौड़ के बाद लगने वाली धूल-मिट्टी दिखाई दे रही थी. इससे स्टाफ को लगा कि उसने खुद फिजिकल टेस्ट नहीं दिया है.
साथी उम्मीदवारों के शक से खुला पूरा खेल
वहां मौजूद कुछ उम्मीदवारों ने अधिकारियों को बताया कि दौड़ और जंप करने वाला युवक अक्षित नहीं था. इसके बाद स्टाफ ने अक्षित से सख्ती से पूछताछ की. पूछताछ में उसने बताया कि उसके भाई ने उसकी जगह एक दूसरे युवक को फिजिकल टेस्ट देने के लिए भेजा था.
आरोप है कि उस युवक ने एडमिट कार्ड में छेड़छाड़ करके सेंटर में एंट्री की और अक्षित की जगह 1600 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप और हाई जंप पूरा किया. फिजिकल टेस्ट खत्म होने के बाद उसने अपना चेस्ट नंबर अक्षित को दे दिया और खुद मौके से बाहर निकल गया, ताकि आगे की प्रक्रिया असली उम्मीदवार पूरी कर सके.
पसीना नहीं था, यहीं से पकड़ा गया फर्जीवाड़ा
अधिकारियों के मुताबिक, फिजिकल टेस्ट पूरा करने वाले उम्मीदवार के शरीर पर पसीना, थकान और धूल के निशान होना सामान्य बात है. लेकिन अक्षित बिल्कुल सामान्य दिखाई दिया. इसी वजह से अधिकारियों ने उसकी पहचान दोबारा जांची और पूरा मामला सामने आ गया.
घटना के बाद DPA स्टाफ ने अक्षित को सोनिया विहार थाना पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने धोखाधड़ी, प्रतिरूपण (Impersonation) और डॉक्यूमेंट्स में छेड़छाड़ से जुड़े आरोपों में मामला दर्ज कर लिया है. अब पुलिस उस फरार युवक की तलाश कर रही है जिसने फिजिकल टेस्ट दिया था और यह भी जांच रही है कि एडमिट कार्ड में बदलाव कैसे किया गया.
दिल्ली पुलिस कांस्टेबल भर्ती 2025 कब निकली थी?
दिल्ली पुलिस कांस्टेबल (एग्जीक्यूटिव) भर्ती 2025 का नोटिफिकेशन कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने 5 सितंबर 2025 को जारी किया था. इस भर्ती के जरिए दिल्ली पुलिस में पुरुष और महिला कांस्टेबल के 5,293 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई. इनमें पुरुष उम्मीदवारों के लिए 3,614 और महिला उम्मीदवारों के लिए 1,679 पद तय किए गए थे. भर्ती की पूरी प्रक्रिया SSC के जरिए कराई जा रही है.
आवेदन कब से कब तक हुए?
भर्ती का नोटिफिकेशन जारी होने के साथ ही 5 सितंबर 2025 से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए थे. उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए 3 अक्टूबर 2025 तक का समय दिया गया था. इसके बाद आवेदन शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख तय की गई और फिर SSC ने कुछ दिनों के लिए करेक्शन विंडो भी खोली, ताकि अभ्यर्थी अपने आवेदन में हुई गलतियां सुधार सकें.
कंप्यूटर आधारित परीक्षा कब हुई?
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिल्ली पुलिस कांस्टेबल भर्ती की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) 30 नवंबर से 13 दिसंबर 2025 के बीच आयोजित की गई. परीक्षा देश के कई शहरों में अलग-अलग शिफ्ट में हुई थी. इसमें जनरल नॉलेज, रीजनिंग, मैथ और करंट अफेयर्स जैसे विषयों से प्रश्न पूछे गए. इस परीक्षा में लाखों उम्मीदवार शामिल हुए थे.
रिजल्ट के बाद अब कौन-सा राउंड चल रहा है?
लिखित परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद सफल उम्मीदवारों को अगले राउंड यानी Physical Endurance and Measurement Test (PEMT) के लिए बुलाया गया. फिलहाल सितंबर 2026 में दिल्ली पुलिस एकेडमी, वजीराबाद सहित तय केंद्रों पर यही फिजिकल टेस्ट चल रहा है.
इस राउंड में पुरुष उम्मीदवारों को 1600 मीटर दौड़, लॉन्ग जंप और हाई जंप पास करनी होती है. इसके बाद हाइट, चेस्ट माप, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और डॉक्यूमेंट्स की जांच की जाती है. यही भर्ती का सबसे महत्वपूर्ण राउंड माना जाता है क्योंकि इसके बाद मेडिकल जांच और फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार होती है.