Last Updated:
Tikamgarh News: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में मां दो बच्चों की हत्या कर दी और इसके बाद उन्हें कुएं में ढकेल दिया. बताया जा रहा है कि इसके बाद उसने खुद फांसी के फंसे से झूलकर जान दे दी. पुलिस ने तीनों की बॉडी को बरामद कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अभी मायके और ससुराल पक्ष दोनों से पूछताछ कर रही है.
टीकमगढ़ में मां बनी हैवान
Tikamgarh News: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में एक ऐसी घटना हो गई है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है. दिगौडा थाना क्षेत्र के बछोड़ा गांव में एक महिला का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला, जबकि कुछ ही दूरी पर कुएं में उसके दो मासूम बच्चों के शव मिले हैं. इस घटना ने पूरे गांव को हिलाकर रख दिया और हर तरफ इस घटना की चर्चा हो रही है. बताया जा रहा है कि मां ने पहले दोनों मासूम बच्चों की हत्या की और फिर पेड़ से लटककर जान दे दी.
मृतिका की पहचान रश्मि कुशवाहा (25) पति राहुल कुशवाहा के रूप में हुई है. वहीं कुएं में उसकी 6 साल की बेटी पूर्वी कुशवाहा और 4 साल के बेटे हार्दिक कुशवाहा के शव मिले हैं. सूचना मिलते ही दिगौड़ा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. घटना की जानकारी लगते ही जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है. पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है.
मायके पक्ष के लोगों ने लगाए आरोप
घटना की खबर लगते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए. उन्होंने पति और ससुराल पक्ष पर बेटी और नातियों की हत्या का आरोप लगाया है. वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि रश्मि आए दिन घर में लड़ाई-झगड़ा करती थी और पारिवारिक विवाद के चलते उसने बच्चों को कुएं में फेंक दिया और फिर आत्महत्या कर ली है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
टीकमगढ़ एएसपी विक्रम सिंह ने कहा कि तीन मर्ग कायम किए गए हैं. बच्चों की बॉडी कुएं से मिली है. वहीं महिला की लाश पेड़ से टंगी हुई मिली है. मायके के पक्ष भी सामने आ गए हैं. जांच के बाद ही सभी स्थिति साफ हो सकेगी. शुरुआत में मामला परिवारिक विवाद का नजर आ रहा है. पुलिस ससुराल और मायके पक्ष के लोगों से बात कर रही है. इस सिलसिले में ग्रामीणों से बातचीत की जा रही है.
(डिस्क्लेमर: अगर आप या आपका कोई परिचित शख्स डिप्रेशन में है और मन में खुद को नुकसान पहुंचाने का विचार आ रहा है या कोई खुद को नुकसान पहुंचाने कोशिश कर रहा है. तो ये एक बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन नंबर 18002333330 पर संपर्क करें. ताकि एक कीमती जीवन को बचाया जा सके.)