Last Updated:
Telangana Pachi Pulusu Recipe: अगर आप बिना ज्यादा मेहनत के कोई खट्टी-तीखी और स्वादिष्ट दक्षिण भारतीय डिश बनाना चाहते हैं तो तेलंगाना का पच्ची पुलुसु खास विकल्प है. इस पारंपरिक रेसिपी में इमली को भिगोकर उसका रस निकाला जाता है. वहीं हरी मिर्च को सीधे गैस की आंच पर भूनने से इसमें हल्का धुएँदार स्वाद आता है. भुनी मिर्च को लहसुन, जीरा और नमक के साथ कूटकर इमली के पानी में मिलाया जाता है. इसके बाद तेल में जीरा, सूखी लाल मिर्च, करी पत्ता और हल्दी का तड़का डालकर मिश्रण में मिलाया जाता है. कच्चे प्याज के साथ तैयार यह डिश चावल और पापड़ के साथ परोसी जाती है.
हैदराबाद: दक्षिण भारतीय व्यंजनों में रसम और सांभर की अपनी खास पहचान है, लेकिन जब बात तेलंगाना के खान-पान की आती है तो वहां की पारंपरिक थाली पच्ची पुलुसु के बिना अधूरी मानी जाती है. तेलुगु भाषा में पच्ची का मतलब होता है कच्चा और पुलुसु का अर्थ खट्टा सूप या रसम. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि पारंपरिक रसम की तरह इसे गैस पर घंटों पकाना या उबालना नहीं पड़ता. आग पर भुनी हरी मिर्च और खट्टी इमली का अनोखा मेल इसे एक बेमिसाल स्वाद और खुशबू देता है.
इसको बनाने के लिए जरूरी सामाग्रियों में नींबू के आकार जितनी इमली, 4-5 हरी मिर्च, 2-3 लहसुन की कलियां, आधा छोटा चम्मच जीरा, स्वादानुसार नमक, एक मध्यम प्याज और पानी की जरूरत पड़ती है. वहीं तड़के के लिए 1 चम्मच तेल, थोड़ा सा जीरा, 1-2 सूखी लाल मिर्च, करी पत्ता और चुटकी भर हल्दी पाउडर की जरूरत पड़ती है.
जानें बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले इमली को थोड़े पानी में 10 से 15 मिनट के लिए भिगो दें. इसके बाद हाथों से मसलकर इसका गाढ़ा रस निकाल लें और फिर आवश्यकतानुसार पानी मिलाकर इसे हल्का पतला कर लें. गैस की धीमी आंच पर हरी मिर्चों को चिमटे से पकड़कर सीधे भूनें, जब तक उन पर हल्के काले निशान न आ जाएं. इससे इसमें धुएंदार स्वाद आता है. ओखली या सिलबट्टे में भुनी हुई हरी मिर्च, लहसुन, जीरा और नमक डालकर दरदरा कूट लें.
सबसे अंत में मिलाएं कटा हुआ कच्चा प्याज
अब इस कुटे हुए तीखे मसाले को इमली के पानी में डालकर अच्छी तरह मिला लें. एक छोटे पैन में तेल गर्म करें. उसमें जीरा, सूखी लाल मिर्च, करी पत्ता और चुटकी भर हल्दी डालकर तड़कने दें. फिर इस गरम तड़के को इमली वाले मिश्रण में डाल दें. सबसे अंत में इसमें कटे हुए कच्चे प्याज डालकर मिलाएं. कच्चे प्याज का क्रंच और भुनी मिर्च का तीखापन इसके स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है. गरमा-गरम उबले चावल और पापड़ के साथ यह पच्ची पुलुसु बेहद स्वादिष्ट और पाचन के लिए हल्का माना जाता है.