बोकारो: अगर आप कम पूंजी में अपना खुद का व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं तो बैग टेलरिंग बिजनेस आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है. इस व्यवसाय को छोटी दुकान के साथ-साथ घर से भी शुरू किया जा सकता है. इसके लिए बहुत ज्यादा मशीनरी या बड़े सेटअप की भी जरूरत नहीं होती है. बोकारो सेक्टर-4 स्थित दिलीप बैग सेंटर के संचालक दिलीप पिछले करीब 30 वर्षों से इस व्यवसाय से जुड़े हैं और उन्होंने बैग टेलरिंग बिजनेस शुरू करने से लेकर लागत और कमाई तक की जानकारी साझा की है.
20 हजार से शुरू हो सकता है बिजनेस
दिलीप बताते हैं कि बैग टेलरिंग का काम करीब 20 हजार की शुरुआती पूंजी से शुरू किया जा सकता है. इसके लिए छोटी दुकान का किराया करीब ₹5 हजार, एक सिलाई मशीन करीब ₹10 हजार और बाकी ₹5 हजार में कैंची, कपड़ा, जिप, बकल, धागा समेत जरूरी सामान खरीदा जा सकता है.
इन बैग की रहती है ज्यादा डिमांड
इस कारोबार में अलग-अलग तरह के बैग तैयार किए जा सकते हैं. इनमें शॉपिंग बैग, लंच बैग, स्कूल बैग, जिम बैग और छोटे ट्रैवल बैग की मांग देखने को मिलती है. जहां शुरुआत में एक मशीन से काम शुरू किया जा सकता है और ऑर्डर बढ़ने के साथ मशीनों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है.
3 से 6 महीने की ट्रेनिंग से सीख सकते हैं काम
दिलीप के अनुसार बैग सिलाई का काम सीखने के लिए करीब 3 से 6 महीने की प्रैक्टिकल ट्रेनिंग ली जा सकती है. ट्रेनिंग के दौरान कपड़े की कटिंग, सिलाई, जिप और बकल लगाने के साथ बैग की फिनिशिंग जैसे काम सीखे जा सकते हैं. जहां अनुभव बढ़ने के बाद अलग-अलग डिजाइन और साइज के बैग तैयार किए जा सकते हैं.
एक बैग पर ₹100 तक मार्जिन का दावा
दिलीप बताते हैं कि एक स्कूल बैग तैयार करने में करीब ₹100 से ₹200 तक का खर्च आ सकता है. इसमें इस्तेमाल होने वाले कपड़े, जिप, बकल और डिजाइन के अनुसार लागत बदल सकती है. यदि एक बैग पर करीब ₹100 से 150 का मार्जिन रखा जाए और रोजाना 10 बैग तैयार कर बेचे जाएं, तो 26 दिन काम करने पर 100 रुपये कम से कम मार्जिन में भी करीब ₹26 हजार कि कमाई कर सकते हैं. साथ ही 150 रूपये के मार्जिन पर महीने के 39000 हजार की कमाई कर सकते हैं.
कस्टमाइज बैग से बढ़ सकता है कारोबार
इस बिजनेस में स्कूल और जिम बैग की मांग के अलावा कस्टमाइज बैग तैयार करके भी कारोबार बढ़ाया जा सकता है. स्थानीय दुकानदारों, स्कूल, कॉलेज, प्ले स्कूल और कंपनियों से संपर्क कर उनके नाम या लोगो वाले बैग के ऑर्डर लिए जा सकते हैं. जहां बड़े ऑर्डर मिलने पर एक साथ ज्यादा बैग तैयार करने का मौका मिलता है, जिससे कारोबार का टर्नओवर बढ़ सकता है.