Last Updated:
Begusarai News: बेगूसराय से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई. जहां एक महिला का अपने पति के कॉल पर विवाद हो गया. महिला इतनी ज्यादा आहत हो गई कि उसने सबकुछ खत्म करने का इरादा बना लिया. उसने अपनी मासूम बेटी के साथ मिलकर मौत को गले लगा लिया. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई.
बेगूसराय में मां-बेटी की मौत.
बेगूसरायः बिहार के बेगूसराय से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. बखरी थाना क्षेत्र के सुगा गांव में घरेलू विवाद के बाद एक महिला और उसकी मासूम बेटी की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि महिला का अपने पति से मोबाइल फोन पर विवाद हुआ था. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतकों की पहचान सुगा गांव निवासी रंजन कुमार राय की पत्नी अनामिका कुमारी और उनकी बेटी पीयू कुमारी के रूप में हुई है.
परिवार के मुताबिक, रंजन कुमार राय किसी दूसरे में रहकर मजदूरी करते हैं. पिछले कुछ दिनों से घर के खर्च और खाने-पीने के लिए पैसे नहीं भेजे जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच फोन पर विवाद चल रहा था. परिजनों का कहना है कि विवाद के बाद अनामिका ने अपनी बेटी के साथ कथित तौर पर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया. दोनों की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलने के बाद परिवार के लोग और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. उन्हें इलाज के लिए ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन मां और बेटी दोनों की मौत हो गई.
आर्थिक परेशानी और घरेलू विवाद की बात
घटना की जानकारी मिलते ही बखरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना के पीछे की वास्तविक वजह और परिस्थितियों को लेकर परिजनों से भी जानकारी ली जा रही है. परिजनों के मुताबिक, परिवार में आर्थिक परेशानी को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. रंजन के प्रदेश में रहने और घर के खर्च के लिए पैसे नहीं भेजे जाने को लेकर अनामिका परेशान थीं. हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी.
परिवार में पसरा मातम
मां-बेटी की मौत की खबर के बाद सुगा गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. आसपास के लोग भी घटना से दुखी हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस मामले में परिजन गोविंद राय और संजय राय ने भी घटना को लेकर अपनी बात रखी है.
(डिस्क्लेमर: अगर आप या आपका कोई परिचित शख्स डिप्रेशन में है और मन में खुद को नुकसान पहुंचाने का विचार आ रहा है या कोई खुद को नुकसान पहुंचाने कोशिश कर रहा है. तो ये एक बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन नंबर 18002333330 पर संपर्क करें. ताकि एक कीमती जीवन को बचाया जा सके.)