शिकार निगलकर सुस्त पड़ा था 10 फीट का ‘महाकाय’ अजगर, देखते ही मचा हड़कंप; ऐसे हुआ रेस्क्यू

शिकार निगलकर सुस्त पड़ा था 10 फीट का ‘महाकाय’ अजगर, देखते ही मचा हड़कंप; ऐसे हुआ रेस्क्यू


Last Updated:

Ujjain News: उज्जैन के बड़नगर क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव वालों ने खाली पड़ी जमीन पर विशालकाय अजगर देखा. बताया जा रहा है कि यह अजगर करीब 10 फीट लंबा था. बाद में गांव वालों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी और इसके बाद अजगर का रेस्क्यू किया गया. वन विभाग की तरफ से बताया गया है कि उसे जंगल में छोड़ा जाएगा.

Zoom

उज्जैन में 10 फीट लंबे अजगर का किया गया रेस्क्यू

Ujjain News: उज्जैन जिले के बड़नगर क्षेत्र का शांत और खुशहाल गांव धुरेरी. आम दिनों की तरह लोग अपने-अपने कामों में व्यस्त थे, लेकिन अचानक गांव के एक कोने से चीख-पुकार और अफरा-तफरी की आवाजें आने लगीं. वजह थी खाली पड़ी एक जमीन पर रेंगता हुआ एक विशालकाय अजगर. करीब 10 फीट से भी ज्यादा लंबा और भारी-भरकम अजगर जब रहवासी इलाके के इतने करीब नजर आया, तो देखते ही देखते ग्रामीणों के पसीने छूट गए. पल भर में पूरे गांव में हड़कंप मच गया.

हैरानी की बात यह थी कि अजगर बहुत ज्यादा हलचल नहीं कर पा रहा था. गौर से देखने पर पता चला कि उसने कुछ ही देर पहले किसी बड़े जीव का शिकार किया था. शिकार निगलने की वजह से उसका पेट काफी फूला हुआ था, जिससे वह सुस्त होकर वहीं पड़ा रहा.

वन विभाग ने संभाला मोर्चा
खतरे को भांपते हुए ग्रामीणों ने जरा भी देर नहीं की और तुरंत वनरक्षक संजय तिवारी को इसकी सूचना दी. खबर मिलते ही वन विभाग की एक्सपर्ट रेस्क्यू टीम बिना कोई समय गंवाए मौके पर पहुंच गई. अजगर का आकार और वजन इतना ज्यादा था कि उसे काबू करना कोई आसान काम नहीं था. टीम के करीब 5 सदस्यों ने मिलकर कड़ी मशक्कत और बेहद सावधानी के साथ अजगर का रेस्क्यू किया. फिर उसे सुरक्षित उठाकर वन विभाग की गाड़ी में रखे पिंजरे तक पहुंचाया गया. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं.

ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
रेस्क्यू के बाद टीम अजगर को लेकर उज्जैन रवाना हो गई. वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अजगर का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद उसे गहरे जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया जाएगा. वन विभाग की कार्रवाई और अजगर के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद गांव के लोगों ने आखिरकार चैन की सांस ली.



Source link