मथुरा में लीजिए मुंबई के वड़ा पाव का असली स्वाद, शाम होते ही लगती है भारी भीड़, जानें कीमत और लोकेशन

मथुरा में लीजिए मुंबई के वड़ा पाव का असली स्वाद, शाम होते ही लगती है भारी भीड़, जानें कीमत और लोकेशन


Last Updated:


Mathura Famous Vada Pav: मथुरा के महाविद्या चौराहे पर ‘बॉम्बे भाउ स्पेशल’ दुकान पर अब मुंबई का असली स्ट्रीट फूड स्वाद मिल रहा है. मुंबई निवासी सुरजीत द्वारा संचालित इस दुकान पर शाम 5 से रात 10 बजे तक ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ती है, जहां रोजाना लगभग 125 प्लेटें बिक जाती हैं. मात्र ₹40 में मिलने वाले इस वड़ा पाव के साथ दाबेली और सेव पूरी भी परोसी जाती है. हाथों से तैयार शुद्ध मसालों और बेहतरीन क्वालिटी के कारण यह जगह फूडीज की पहली पसंद बनी हुई है.

मथुरा: अगर आप मुंबई के मशहूर और तीखे-चटपटे वड़ा पाव के शौकीन हैं, तो अब आपको इसका असली जायका लेने के लिए मायानगरी मुंबई जाने की बिल्कुल जरूरत नहीं है. कान्हा की नगरी मथुरा में ही अब आपको ठेठ मुंबईया स्टाइल के वड़ा पाव का बेहतरीन स्वाद बेहद किफायती दाम में मिल रहा है. शाम ढलते ही इस दुकान पर खाने-पीने के शौकीनों का ऐसा तांता लगता है कि महज चंद घंटों में सारा स्टॉक खत्म हो जाता है. आइए जानते हैं कि यह मशहूर दुकान मथुरा में कहां है, इसका समय क्या है और यहां का वड़ा पाव इतना खास क्यों है.

7 साल पहले मुंबई से मथुरा आए सुरजीत, शुरू किया ‘बॉम्बे भाउ स्पेशल’
दुकान के संचालक सुरजीत मूल रूप से मुंबई के ही रहने वाले हैं. लोकल-18 से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वह लगभग 7 साल पहले मुंबई छोड़कर मथुरा आए थे. यहां आने के बाद उन्होंने महाविद्या चौराहे पर एक दुकान किराये पर लेकर अपने काम की शुरुआत की. उनकी यह दुकान ‘बॉम्बे भाउ स्पेशल’ के नाम से मशहूर है. सुरजीत का कहना है कि उनका मुख्य मकसद मथुरा के लोगों को बिना मुंबई जाए, बिल्कुल ऑथेंटिक और पारंपरिक मुंबई स्टाइल का स्वाद उपलब्ध कराना है.

5 घंटे में बिक जाती हैं 125 प्लेटें
दुकान मथुरा की महाविद्या कॉलोनी स्थित यादव मिठाई वाले और जीतू परांठे वाले के पास में लगती है. दुकान के खुलने का समय शाम 5:00 बजे से लेकर रात 10:00 बजे तक है. सुरजीत के अनुसार, रोजाना महज इन 5 घंटों के भीतर ही तकरीबन 125 प्लेट वड़ा पाव की बिक्री आराम से हो जाती है. शाम होते ही यहां वड़ा पाव प्रेमियों की भारी कतार लगनी शुरू हो जाती है.

कीमत सिर्फ ₹40, क्वालिटी से कोई समझौता नहीं
इस दुकान पर मिलने वाले लजीज वड़ा पाव की कीमत महज ₹40 प्रति प्लेट रखी गई है. खास बात यह है कि यहां वड़ा पाव के अलावा स्वादिष्ट दाबेली और अन्य कई लजीज आइटम्स भी तैयार किए जाते हैं, जिनकी कीमत भी बेहद वाजिब है. सुरजीत ने बताया कि वे वड़ा पाव में इस्तेमाल होने वाला मसाला और अन्य चीजें पूरी तरह अपने हाथों से तैयार करते हैं, जबकि पाव ब्रांडेड कंपनी का इस्तेमाल किया जाता है. वे खाने की क्वालिटी और हाइजीन से किसी भी तरह का समझौता नहीं करते हैं.

4 साल से आ रहे हैं रेगुलर कस्टमर, बोले- ‘मिलता है असली टेस्ट’
दुकान पर आने वाले ग्राहकों का कहना है कि यहां का वड़ा पाव स्वाद में लाजवाब है और इसे खाते ही सीधे मुंबई के स्ट्रीट फूड की याद ताजा हो जाती है. दुकान के नियमित ग्राहक नितिन गोयल ने बताया कि वह पिछले करीब 4 साल से यहां लगातार आ रहे हैं. नितिन बताते हैं कि वे यहां का वड़ा पाव, दाबेली और सेव पूरी नियमित रूप से खाते हैं. यहां मिलने वाले हर आइटम का स्वाद बेहद उम्दा है और महाविद्या चौराहे के पास जीतू परांठे वाले के नजदीक स्थित ‘बॉम्बे भाउ स्पेशल’ पर मात्र ₹40 में बिल्कुल असली मुंबई जैसा स्वाद मिल जाता है.



Source link