मऊ: मुहम्मदाबाद गोहना-मधुबन मार्ग पर जानलेवा गड्ढे, 20 मिनट के सफर में लग रहे 3 घंटे, राजनीति की भेंट चढ़ी सड़क पर फूटा गुस्सा

मऊ: मुहम्मदाबाद गोहना-मधुबन मार्ग पर जानलेवा गड्ढे, 20 मिनट के सफर में लग रहे 3 घंटे, राजनीति की भेंट चढ़ी सड़क पर फूटा गुस्सा


Last Updated:

Mau News: चार प्रमुख जिलों को आपस में जोड़ने वाली लाइफलाइन आज प्रशासनिक उदासीनता और उपेक्षा के चलते बदहाली के आंसू रो रही है. मुहम्मदाबाद गोहना से मधुबन जाने वाले मुख्य मार्ग पर बने जानलेवा गड्ढे न सिर्फ रोजाना सड़क हादसों को न्योता दे रहे हैं, बल्कि 20 मिनट के सफर को 3 घंटे के लंबे दर्दनाक इम्तिहान में बदल चुके हैं. स्थानीय राहगीरों का सीधा आरोप है कि यह सड़क राजनीतिक उपेक्षा की शिकार हो चुकी है, जहां जनप्रतिनिधियों के तमाम दावों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है.

Mau News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना से मधुबन जाने वाली सड़क वर्षों से जर्जर अवस्था में है. सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बने होने की वजह से प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. इस सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे मुसीबत बने हुए हैं, यदि सड़क मरम्मत हो जाती तो राहगीरों को आने-जाने में कोई परेशानी नहीं होती. अब आइए जानते हैं और कुछ क्या मांग करते हैं इस सड़क को लेकर स्थानीय राहगीर.

तीन विधानसभाओं को जोड़ती है सड़क, लेकिन एक हिस्से की उपेक्षा
लोकल 18 से बात करते हुए रोहन यादव बताते हैं कि जर्जर सड़क होने की वजह से सड़क पर छोटे व बड़े वाहनों के आने-जाने में काफी दिक्कतें होती हैं. कई वर्षों से यह सड़क गड्ढों में तब्दील है, प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं लेकिन सड़क मरम्मत कार्य नहीं कराया जा रहा है. जबकि यह सड़क तीन विधानसभाओं से होकर गुजरती है घोसी और मधुबन विधानसभा में यह सड़क रिपेयर हो जाती है, लेकिन मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा में यह सड़क रिपेयर नहीं होती, जिसकी वजह से यहां के स्थानीय राहगीरों को आने-जाने में काफी दिक्कतें होती हैं और कई परेशानियां झेलनी पड़ती हैं. अब सरकार से मांग है कि सरकार इस सड़क की मरम्मत जल्द से जल्द कराए जिससे बरसात के मौसम में राहगीरों को सड़क पर चलने में परेशानी न हो सके.

चार जिलों का प्रमुख संपर्क मार्ग, हजारों वाहनों का रोज आवागमन
नीतीश यादव बताते हैं कि बहुत दिनों से सड़क पर आना-जाना होता है और इसी अवस्था में इस सड़क को देखा जा रहा है. हर वर्ष सुना जाता है कि बहुत जल्दी सड़क बनेगी लेकिन सड़क इसी अवस्था में रह जाती है. सड़क पर चलने में कई प्रकार की समस्याएं होती हैं, अक्सर सड़क पर दुर्घटनाएं हो जाती हैं. यह सड़क बहुत ही महत्वपूर्ण सड़क है, यह सड़क आजमगढ़, बलिया, गोरखपुर, गाजीपुर रोड को जोड़ती है. मुख्य सड़क होने की वजह से सड़क पर हजारों वाहनों का आवागमन होता है लेकिन गड्ढों में तब्दील सड़क होने की वजह से प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं.

20 मिनट का सफर 3 घंटे में, राजनीति की भेंट चढ़ी सड़क
रणधीर, छोटू व एडवोकेट अभयदीप व अन्य राहगीर बताते हैं कि इस सड़क पर आने-जाने में बहुत दिक्कतें होती हैं, बाइक लेकर लोग गड्ढे में गिर जाते हैं, अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, कई वर्षों से यह सड़क इसी अवस्था में है. यह सड़क मऊ जनपद की पहली ऐसी सड़क होगी जो राजनीति की शिकार हो गई है, हजारों वाहनों का आवागमन होते हुए भी यह सड़क गड्ढों में तब्दील है. यही सड़क घोसी विधानसभा और मधुबन विधानसभा में रिपेयर की जाती है लेकिन मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा में सड़क को गड्ढों में ही छोड़ दिया जाता है.

जिसकी वजह से यह सड़क राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है. जिस दूरी को 20 मिनट में तय करना होता है उसे तय करने में 2 से 3 घंटे लग जाते हैं. यदि सड़क रिपेयर कर दी जाती तो कई समस्याएं खत्म हो जातीं. सड़क की स्थिति यह है कि बाइक से चलने पर टायर और ट्यूब दोनों खराब हो जाते हैं, गड्ढों में तब्दील सड़क होने से समस्याएं बहुत हैं लेकिन सरकार इस समस्या को लेकर ध्यान नहीं दे रही है. अब यह मांग है कि इस सड़क को जल्द से जल्द रिपेयर कराया जाए जिससे सड़क पर चलने में आसानी हो सके.



Source link