बाइक के बाद अब बिहार के ‘गोल्डमैन’ प्रेम सिंह की कार भी हुई गोल्डन, हर वक्त 6.5 किलो सोने से लदे रहते हैं प्रेम

बाइक के बाद अब बिहार के ‘गोल्डमैन’ प्रेम सिंह की कार भी हुई गोल्डन, हर वक्त 6.5 किलो सोने से लदे रहते हैं प्रेम


पटना. राजधानी पटना की सड़कों पर इन दिनों एक सुनहरी कार गुजरती है, तो लोगों की नजरें खुद-ब-खुद उस पर टिक जाती हैं. पहली नजर में लगता है कि शायद कार पर सोना चढ़ा दिया गया है, लेकिन कहानी इससे भी ज्यादा दिलचस्प है. यह कोई आम कार नहीं, बल्कि बिहार के गोल्ड मैन के नाम से मशहूर प्रेम सिंह की गोल्डन कार है. जी हां, वही प्रेम सिंह जिनकी पहचान ही सोने से है. पगड़ी से लेकर गले के हार, अंगूठियों और बाइक तक… उनकी हर चीज में सोने की चमक नजर आती है. अब इस चमक को गोल्डन कार की वजह से चार चांद लग गया है.

75 लाख की कार पर 3 लाख का गोल्डन लुक
गोल्डन मैन ऑफ बिहार प्रेम सिंह ने अपनी करीब 75 लाख रुपये की कार को गोल्डन लुक देने के लिए मुंबई से इसका काम करवाया है. इसके लिए उन्होंने करीब 3 लाख रुपये खर्च किए हैं. लोकल 18 से बात करते हुए प्रेम सिंह ने बताया कि कार में असली सोना नहीं लगा है, बल्कि इसे गोल्ड प्लेटेड कराया गया है. उनका कहना है कि अभी यह सोने जैसी ही चमक देती है, लेकिन भविष्य में ईमानदारी की कमाई से इसमें भी सोना लगवाने की इच्छा है. प्रेम सिंह कहते हैं, ‘हम गोल्डमैन हैं, तो हम चाहते हैं कि हमारा हर चीज गोल्ड का हो. गोल्ड का नहीं हो, तो गोल्ड जैसा हो.’

6 किलो 300 ग्राम सोना पहनते हैं प्रेम सिंह
प्रेम सिंह का अंदाज सिर्फ गोल्डन कार तक सीमित नहीं है. वह खुद करीब 6 किलो 300 ग्राम सोना पहनकर चलते हैं. उनके पास कुल 63 आभूषण हैं. इनमें चेन, ब्रेसलेट और अंगूठियां शामिल हैं. इसके अलावा उनके पास एक बुलेट बाइक भी है. इस बाइक पर भी उन्होंने करीब तीन सौ ग्राम सोने की परत चढ़वाई हुई है.

प्रेम सिंह का यह गोल्ड प्रेम बहुत पुराना है. इसकी शुरुआत एक छोटी-सी चेन से हुई थी. धीरे-धीरे लोगों का प्यार मिलता गया और उनके गहनों की संख्या भी बढ़ती गई. आज यही सोना लोगों के बीच उनकी अलग पहचान का हिस्सा बन चुका है. प्रेम सिंह कहते हैं कि अब यह सिर्फ सोना नहीं है, बल्कि उनके लिए बिहार का मान, सम्मान और प्रतिष्ठा है.

खेती और सरकारी ठेकेदारी से कमाई, बचत का हिस्सा सोने पर
इतना सोना पहनकर घूमने वाले प्रेम सिंह से अक्सर लोग पूछते हैं कि आखिर वह ऐसा क्या काम करते हैं. इस सवाल पर वह बताते हैं कि वे जमींदार परिवार से ताल्लुक रखते हैं और खेती भी करते हैं. इसके अलावा, सरकारी ठेकेदारी से भी कमाई होती है. प्रेम सिंह कमाई में से बचत का बड़ा हिस्सा वह सोने पर खर्च करते हैं. इसीलिए हर साल इसमें वृद्धि देखने को मिलती है. प्रेम सिंह का यह भी दावा है कि वे भारत के दूसरे गोल्ड मैन हैं, जबकि बिहार के पहले. इन्हें देश से ज्यादा बिहार का गोल्डमैन कहलाना पसंद है.

रोज दूल्हा बनना पड़ता है, खर्च होते हैं लाखों
सोने के इतने गहनों को संभालना और हर दिन उसी अंदाज में तैयार होना आसान नहीं है. प्रेम सिंह के मुताबिक, वह रोज किसी न किसी कार्यक्रम या निमंत्रण में जाते हैं. इसलिए उन्हें रोज तैयार होना पड़ता है और अपने इस खास अंदाज को बरकरार रखना पड़ता है. इन सभी चीजों को मेंटेन करने में करीब 2 से 3 लाख रुपये महीने का खर्च आता है. उनका कहना है कि लोग एक दिन दूल्हा बनते हैं, लेकिन मुझे अपनी पहचान के लिए रोज सजना पड़ता है.

मूंछ भी है तावदार
सोने के साथ प्रेम सिंह की बड़ी-बड़ी मूंछें भी लोगों का ध्यान खींचती हैं. अपनी मूंछों के बारे में उनका कहना है कि मैं वीर कुंवर सिंह की धरती से आता हूं, इसीलिए मूंछ तो रहेगी ही. दूर से ही लोग इनकी मूंछ को देख मोहित हो जाते हैं. आपको बता दें कि प्रेम सिंह मूल रूप से भोजपुर जिले के रहने वाले हैं.

गोल्डमैन ऑफ बिहार प्रेम सिंह के पास गोल्डन कलर की चमचमाती बुलेट भी है. इसकी बॉडी पर 24 कैरेट सोने की परत चढ़ाई गई है. इस बुलेट पर करीब 200 से 300 ग्राम सोना लगाया गया है, जिसे तैयार करवाने में लगभग 13 से 14 लाख रुपये खर्च हुए हैं.



Source link