Last Updated:
Jamui News: बिहार के जमुई में छात्र से छेड़खानी के मामले में गिरफ्तार आरोपी की कोर्ट में पेशी के दौरान हंगामा हो गया. आरोपी हरेराम यादव को एक वकील ने थप्पड़ जड़ दिया. वकील ने कहा कि यह घटना जमुई को बदनाम कर रही है. इसी दौरान उन्होंने जून में सामने आए एक पुराने मामले का भी जिक्र किया.
जमुई कोर्ट परिसर में पेशी के बाद एक अभियुक्त को वकील ने थप्पड़ मारा.
जमुईः छेड़खानी के आरोपी को कोर्ट में पेशी के दौरान वकील ने थप्पड़ जड़ दिया. आरोपी हरेराम यादव को थप्पड़ मारने के बाद वकील ने इसकी वजह भी बताई. उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना से जमुई की बदनामी हो रही है. इसी दौरान वकील ने करीब 3 महीने पहले हुई एक पुरानी घटना का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि जून में भी जिले में एक लड़की के साथ यौन हिंसा का मामला सामने आया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था.
दरअसल, जमुई में 10वीं कक्षा के छात्र के साथ मारपीट और उसकी नाबालिग दोस्त से छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है. दो नाबालिगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है. इसी मामले के एक आरोपी हरेराम यादव की कोर्ट में पेशी थी. यहां मौजूद एक वकील ने उसे थप्पड़ मार दिया. वकील ने कहा कि वकील होने से पहले वे इंसान हैं. उन्होंने दावा किया कि इस घटना से जमुई की बदनामी हो रही है, इसलिए उन्होंने आरोपी को थप्पड़ मारा.
जून की घटना का भी किया जिक्र
वकील ने जून में सामने आए एक मामले को भी याद किया. उस समय जमुई में एक लड़की के साथ यौन हिंसा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. पुलिस ने मामले में आरोपियों को गिरफ्तार किया था. बाद में आरोपियों को जमानत मिल गई थी. वकील ने इसी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जिले में पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं. वहीं, मदवा गांव के रहने वाले अमन ने इलाके में असामाजिक तत्वों के जमावड़े की बात कही. उन्होंने बताया कि मदवा पहाड़ के आसपास दूसरे गांवों से भी कुछ लोग पहुंचते हैं. अमन के मुताबिक, करीब छह महीने पहले भी यहां घूमने आए एक युवक के साथ मारपीट की घटना हुई थी.
छेड़खानी के आरोपी के पिता पर भी बड़ा खुलासा
इधर, जमुई छेड़खानी मामले में गिरफ्तार नंदन यादव की जांच के दौरान पुलिस को उसके परिवार से जुड़ा पुराना आपराधिक मामला भी मिला. पुलिस ने नंदन के पुराने रिकॉर्ड की जांच की तो उसके पिता गनौरी यादव का नाम 2003 के दोहरे हत्याकांड में सामने आया. पुलिस के मुताबिक, 3 अप्रैल 2003 को प्रतापपुर गांव में कारोबार को लेकर विवाद के दौरान डीपी यादव और पुने यादव की हत्या हुई थी. मृतकों की मां ने गनौरी यादव को आरोपी बनाया था. इसके बाद से वह फरार चल रहा था. दो दशक से अधिक समय बाद पुलिस ने गनौरी यादव को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इस तरह नंदन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच उसके पिता तक पहुंची और 23 साल पुराने मामले में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी हो गई.