Last Updated:
NSE Share Listing : एनएसई आईपीओ का जीएमपी एक बार तो आसमान पर था, लेकिन फिर धीरे-धीरे नीचे आने लगा. 9 सितंबर को इसका जीएमपी 255 रुपये था. लेकिन, अब यह काफी ज्यादा गिर चुका है. एनएसई शेयरों की लिस्टिंग 24 सितंबर को होगी.
एनएसई आईपीओ में निवेशकों ने जमकर पैसा लगाया.
नई दिल्ली. देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के आईपीओ की लिस्टिंग का बेसब्री से इंतजार कर रहे निवेशकों के लिए 24 सितंबर का दिन बेहद अहम होने वाला है. एनएसई आईपीओ में निवेशकों ने जमकर पैसा लगाया है. अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह शेयर पहले ही दिन निवेशकों की जेब भरेगा या फिर लिस्टिंग सुस्त रहेगी. लिस्टिंग से पहले ग्रे मार्केट से आ रहे संकेत मिले-जुले हैं.
एनएसई आईपीओ का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) उम्मीद से काफी नीचे फिसल चुका है.
यह IPO भारत के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू और 2026 का अब तक का सबसे बड़ा IPO बताया गया है. NSE का IPO करीब 22,561.57 करोड़ रुपये का था. यह पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) था. NSE ने इश्यू के जरिए नए शेयर जारी नहीं किए. मौजूदा शेयरधारक अपने करीब 12.64 करोड़ शेयर निवेशकों को बेचे हैं. IPO के बाद NSE की प्रस्तावित वैल्यूएशन करीब 4.42 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है.
5.71 गुना सब्सक्राइब हुआ एनएसई आईपीओ
NSE का ₹22,569 करोड़ का IPO कुल 5.71 गुना सब्सक्राइब हुआ है. QIB कैटेगरी को 12.68 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल निवेशकों को 6.55 गुना और रिटेल हिस्से को 1.39 गुना सब्सक्रिप्शन मिला. NSE IPO के लिए प्रति शेयर ₹1,700 से ₹1,785 का प्राइस बैंड तय किया गया था.
किस भाव पर होगी एनएसई शेयर की लिस्टिंग
एनएसई के आईपीओ का जीएमपी एक बार तो आसमान पर था, लेकिन फिर धीरे-धीरे नीचे आने लगा. 9 सितंबर को इसका जीएमपी 255 रुपये था. आईपीओ वॉच के अनुसार, अब एनएसई आईपीओ का जीएमपी केवल 45 रुपये रह गया है. यानी निवेशकों को 2.52 फीसदी लिस्टिंग गेन मिल सकता है. यदि वर्तमान जीएमपी ट्रेंड लिस्टिंग के समय तक कायम रहता है, तो ₹1785 के अपर प्राइस बैंड पर एनएसई शेयरों की लिस्टिंग 1830 रुपये पर हो सकती है. हालांकि, बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि जीएमपी केवल एक गैर-आधिकारिक सांकेतिक आंकड़ा है; वास्तविक लिस्टिंग ग्रे मार्केट के अनुमानों से अलग भी हो सकती है.