स्टिंग में खुलासे के बाद CSK में खलबली, स्पॉट फिक्सिंग मामले पर टीम एक्शन में
Last Updated:
तहलका के अंडरकवर रिपोर्टर के स्टिंग ऑपरेशन में आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स को लेकर एक हैरान करने वाला खुलासा हुआ है. कथित तौर पर एक पूर्व रणजी क्रिकेटर ने बताया कि उसने ड्रेसिंग रूम के अंदर से अपने सूत्र की मदद से प्लेइंग इलेवन लीक कराकर पांच मैच को फिक्स कराया था. इस खुलासे बाद सीएसके की टीम एक्शन मोड में आ गई है.
चेन्नई सुपर किंग्स
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग एक बार फिर फिक्सिंग को लेकर चर्चा में है. हाल ही में तहलका के एक स्टिंग ऑपरेशन में दावा किया गया कि आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स के पांच मैचों को फिक्स किया गया था. इस खुलासे के बाद अब सीएसके भी हरकत में आ गई है. सीएसके ने कहा है कि उनका बोर्ड टीम के भीतर भ्रष्टाचार से जुड़ी गतिविधियों से फ्रैंचाइजी को जोड़ने वाली खबरों की जांच करेगा.
खेल में भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की पॉलिसी होने का दावा करते हुए फ्रैंचाइजी ने कहा कि वह मामले की तह तक जाने के लिए उचित कदम उठाएगी. सीएसके बोर्ड की अगले कुछ दिनों में बैठक होने वाली है. तहलका वेबसाइट के हालिया खुलासे में आरोप लगाया गया है कि सीएसके का एक खिलाड़ी दिल्ली के एक पूर्व फर्स्ट क्लास खिलाड़ी को गोपनीय जानकारी दे रहा था, जिसने 2025 सीजन के एक मैच के लिए लंदन में सट्टेबाजों को प्लेइंग इलेवन की जानकारी दी थी. 6 फर्स्ट क्लास मैच खेल चुके इस खिलाड़ी ने एक अंडरकवर रिपोर्टर को बताया कि उसने वह जानकारी बेचकर 3 करोड़ रुपए कमाए थे.
आईपीएल 2026 में फिक्सर खिलाड़ी का सूत्र नहीं किया गया रिटेन
सीएसके के एक अधिकारी ने ‘क्रिकबज’ को बताया, “हमारी आगामी वार्षिक आम बैठक होने वाली है. एजीएम से पहले हमारा बोर्ड बैठक करेगा. हम इस मामले पर चर्चा करेंगे.” मामले की संवेदनशीलता के कारण उनकी पहचान उजागर नहीं की गई है. उन्होंने यह भी कहा कि अब तक उपलब्ध जानकारी पूरी तरह से प्रमाणिक नहीं है.
वहीं, खिलाड़ी ने दावा किया है कि यदि ऑक्शन में उसके सूत्र को खरीद लिया जाता तो वह 2026 आईपीएल में भी जानकारी उपलब्ध करा सकता था. उसने आईपीएल में मैच फिक्स करने में मदद के लिए 1 करोड़ रुपए की मांग की थी और 90 प्रतिशत गारंटी दी थी. हालांकि, ऐसा माना जा रहा है कि ऑक्शन में उस सूत्र को नहीं चुना गया.