Last Updated:
Women Employee in Apple : ऐपल जैसी दिग्गज कंपनी ने अपने कुल वर्कफोर्स में महिलाओं की संख्या काफी बढ़ा दी है. ऐपल के दुनियाभर में कुल कर्मचारियों की संख्या में से करीब 35 फीसदी महिलाएं शामिल हैं. इसी तरह, भारत में ऐपल के प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी फॉक्सकॉन में तो महिला कर्मचारियों की संख्या 80 फीसदी के आसपास है.
आईफोन बनाने वाली कंपनी फॉक्सकॉन के भारतीय प्लांट में 80 फीसदी महिला कर्मचारी हैं.
नई दिल्ली. दुनिया में महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ रही है. आज कोई भी क्षेत्र हो महिलाओं की भागीदारी पुरुषों के बराबर पहुंचती दिख रही है, लेकिन भारत में यह आंकड़ा और भी तेज से बढ़ा है. देश की कुछ दिग्गज कंपनियों में तो महिला कर्मचारियों की संख्या पुरुषों से भी कहीं ज्यादा पहुंच गया है. अब आप आईफोन और फॉक्सकॉन जैसी कंपनियों को ही ले लीजिए. भारत में आईफोन के प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी फॉक्सकॉन में तो महिला कर्मचारियों की संख्या 80 फीसदी से भी ज्यादा पहुंच चुकी है.
दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनी ऐपल में 27 सितंबर तक कुल कर्मचारियों की संख्या 1.66 लाख के आसपास पहुंच गई थी. कंपनी के आंकड़े देखकर पता चलता है कि उसके दुनियाभर में कुल कर्मचारियों में से 35 फीसदी महिलाएं शामिल हैं. इसका मतलब है कि कंपनी में महिला कर्मचारियों की संख्या करीब 58 हजार है. इससे पता चलता है कि कंपनी अपने कुल वर्कफोर्स में महिलाओं की संख्या बढ़ाने पर खासा जोर दे रही है.
फॉक्सकॉन ने तो रिकॉर्ड ही बना दिया
भारत में ऐपल के प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी फॉक्सकॉन ने तो महिला कर्मचारियों के मामले में रिकॉर्ड ही बना दिया है. कंपनी के तमिलनाडु स्थित प्लांट में साल 2024 के आंकड़ों के अनुसार करीब 41,281 कर्मचारी थे, जिसमें से 33,360 सिर्फ महिला कर्मचारी हैं. इसी तरह, बैंगलुरु के देवनहल्ली नामक स्थान पर बने फॉक्सकॉन के प्लांट में पिछले साल दिसंबर, 2025 तक करीब 30 हजार लोग काम करते थे. इसमें से 80 फीसदी यानी करीब 24 हजार तो सिर्फ महिलाएं थीं.
कुल वर्कफोर्स में 70 फीसदी महिलाएं
ऐपल के पूरे इकोसिस्टम को देखा जाए तो भारत में महिला कर्मचारियों का अलग ही जलवा है. भारत में ऐपल के प्रोडक्ट दो कंपनियां बनाती हैं. इसमें एक है फॉक्सकॉन और दूसरी टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स. दोनों कंपनियों ने मिलकर करीब 1.40 लाख नौकरियां पैदा की हैं, जबकि ऐपल के भारत स्थित पूरे इकोसिस्ट में करीब 2.5 लाख नौकिरयां हैं. इसमें से 70 फीसदी संख्या तो सिर्फ महिला कर्मचारियों की है. फॉक्सकॉन ने चालू वित्तवर्ष में 20 हजार और कर्मचारियों की भर्ती करने का मन बनाया है और माना जा रहा है कि इसमें ज्यादातर संख्या 18 से 24 साल की युवा लड़कियों की होगी.