Last Updated:
Home Made Desi Ghee Recipe: बाजार में मिलने वाला घी अक्सर बेस्वाद और मिलावटी होता है, इसलिए गांवों में महिलाएं खुद घर में रखी मलाई से घी तैयार करती हैं. इसमें सामग्री और बनाने की प्रक्रिया का पूरा ध्यान खुद रखा जा सकता है. आइए आपको बताते हैं कि महिलाएं घर पर ताजा घी कैसे तैयार करती हैं.
सुल्तानपुर: गांवों में आज भी घर पर दूध, दही और मलाई से घी तैयार करने की परंपरा है. बाजार में मिलने वाले घी की जगह कई लोग घर का बना घी इस्तेमाल करना पसंद करते हैं, क्योंकि इसमें सामग्री और बनाने की प्रक्रिया का पूरा ध्यान खुद रखा जा सकता है. अगर आपके घर में रोज दूध आता है और उसकी मलाई जमा होती रहती है, तो इसी मलाई से आसानी से घी तैयार किया जा सकता है. इसके लिए किसी खास मशीन या महंगे सामान की जरूरत नहीं होती. आज हम आपको बताएंगे मलाई से घर पर घी बनाने का आसान देसी तरीका.
रोजाना मलाई को इस तरह करें जमा
एक्सपर्ट सविता श्रीवास्तव ने लोकल 18 से बताया कि सबसे पहले रोज घर में आने वाले दूध को उबालकर ठंडा कर लें. दूध के ऊपर जमने वाली मलाई को साफ चम्मच की मदद से निकालकर एक साफ और ढक्कन वाले डिब्बे में जमा करते जाएं. मलाई को हमेशा फ्रिज में रखें, ताकि वह जल्दी खराब न हो. आप कई दिनों की मलाई एक साथ इकट्ठा कर सकते हैं. जब डिब्बे में पर्याप्त मात्रा में मलाई जमा हो जाए, तब इससे घी बनाने की प्रक्रिया शुरू करें. ध्यान रखें कि मलाई निकालने और रखने के लिए इस्तेमाल होने वाला बर्तन साफ और सूखा होना चाहिए.
मलाई से पहले तैयार करें मक्खन
अब जमा की गई मलाई को एक बड़े बर्तन में निकाल लें. इसमें थोड़ा ठंडा पानी डालकर मथानी या मिक्सर की मदद से अच्छी तरह फेंटें. कुछ देर बाद मलाई से मक्खन अलग होने लगेगा और नीचे छाछ जैसा तरल दिखाई देगा. ऊपर जमा मक्खन को हाथ या चम्मच की मदद से निकालकर अलग बर्तन में रख लें. मक्खन को साफ ठंडे पानी से एक-दो बार धो सकते हैं, ताकि उसमें बची छाछ निकल जाए. इससे घी बनाते समय जलने या जल्दी खराब होने की संभावना कम हो जाती है.
मक्खन को पकाकर तैयार करें घी
अब एक भारी तले वाली कड़ाही या बर्तन में तैयार मक्खन डालकर धीमी आंच पर गर्म करें. मक्खन धीरे-धीरे पिघलने लगेगा और उसमें बुलबुले उठने लगेंगे. इसे बीच-बीच में चलाते रहें और आंच तेज न करें. कुछ समय बाद पानी भाप बनकर निकल जाएगा और घी साफ दिखाई देने लगेगा. नीचे हल्के भूरे रंग के अवशेष बैठने लगें और घी से अच्छी खुशबू आने लगे तो गैस बंद कर दें. घी को थोड़ा ठंडा होने दें और फिर साफ सूती कपड़े या बारीक छलनी से छानकर सूखे कांच के जार में भर दें. इस तरह घर की मलाई से तैयार घी को आप रोजाना के खाने में इस्तेमाल कर सकते हैं.