Bihar Exam Cancellations List 2026: जिस परीक्षा के लिए अभ्यर्थी महीनों तक दिन-रात मेहनत करते हैं, अगर वही परीक्षा अचानक रद्द या स्थगित हो जाए तो इसका असर उनकी तैयारी, समय और आगे की योजनाओं पर पड़ता है. बिहार में 2026 के दौरान कई भर्ती परीक्षाओं को रद्द या स्थगित किए जाने के मामले सामने आए हैं. इनमें दारोगा मुख्य लिखित परीक्षा रद्द, BPSC की AEDO परीक्षा की सभी 9 पालियां, सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी की परीक्षा और बिहार सिविल कोर्ट की चपरासी भर्ती परीक्षा शामिल हैं. वहीं, कुछ परीक्षाओं के अगले चरण भी स्थगित किए गए हैं.
ऐसे में अभ्यर्थियों के बीच परीक्षा कैलेंडर, भर्ती प्रक्रिया और समय पर परीक्षा आयोजित होने को लेकर सवाल उठ रहे हैं. लेकिन सभी परीक्षाओं के रद्द या स्थगित होने के कारण एक जैसे नहीं हैं. कुछ मामलों में परीक्षा के दौरान अनियमितता सामने आने के बाद कार्रवाई हुई. जबकि कुछ मामलों में आयोग या संबंधित विभाग ने प्रशासनिक अथवा अन्य कारणों का हवाला दिया.
27 मई को हुई थी दारोगा मेंस की परीक्षा
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने 27 मई 2026 को दो पालियों में आयोजित मुख्य लिखित परीक्षा को रद्द कर दिया गया है. आयोग ने परीक्षा रद्द करने के पीछे अपरिहार्य कारणों का हवाला दिया है. आयोग की ओर से जारी सूचना में कहा गया है कि परीक्षा की नई तारीख के बारे में अलग से जानकारी दी जाएगी. अभ्यर्थियों को नई तारीख और परीक्षा से जुड़ी अन्य जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट देखने की सलाह दी गई है.
BPSC AEDO की सभी 9 पालियां रद्द
बिहार लोक सेवा आयोग ने सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) की परीक्षा को रद्द कर दिया था. यह परीक्षा 14 अप्रैल से 21 अप्रैल 2026 के बीच कुल 9 पालियों में आयोजित हुई थी. परीक्षा के दौरान कुछ केंद्रों पर गड़बड़ी की घटनाएं सामने आई थीं. रिपोर्टों के अनुसार इस मामले में कई एफआईआर दर्ज हुईं और अभ्यर्थियों पर भी कार्रवाई की गई. आयोग ने पूरी परीक्षा को निरस्त करने का फैसला लिया.
सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी की परीक्षा भी रद्द
BPSC ने सहायक लोक स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन पदाधिकारी (APSWMO) की परीक्षा को भी रद्द किया. यह परीक्षा 23 अप्रैल 2026 को आयोजित हुई थी. BPSC से जुड़ी रिपोर्टों के मुताबिक परीक्षा में सामने आई गड़बड़ियों के बाद दोनों परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया गया.
1673 पदों वाली सिविल कोर्ट चपरासी परीक्षा रद्द
बिहार सिविल कोर्ट में 1673 चपरासी/अटेंडेंट पदों पर भर्ती के लिए 15 मार्च 2026 को प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई थी. बाद में इस परीक्षा को रद्द कर दिया गया। नई परीक्षा तारीख को लेकर अभ्यर्थियों को इंतजार करना पड़ा.
BPSC 72वीं CCE भी स्थगित
BPSC की 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा भी स्थगित की गई है. आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर फिलहाल इस परीक्षा के स्थगन से संबंधित सूचना उपलब्ध है. इसे रद्द नहीं, बल्कि स्थगित किया गया है. नई तारीख के संबंध में आयोग की ओर से अलग सूचना जारी की जानी है.
दारोगा भर्ती का अगला चरण भी स्थगित
1799 पुलिस अवर निरीक्षक पदों की भर्ती प्रक्रिया में मुख्य लिखित परीक्षा के बाद होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और अभिलेख सत्यापन को भी अगले आदेश तक स्थगित किया गया. पहले इसका आयोजन सितंबर-अक्टूबर में प्रस्तावित था. नई तारीख की जानकारी बाद में देने की बात कही गई है.
परीक्षा रद्द होने का असर क्या?
बार-बार परीक्षा रद्द या स्थगित होने से अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी का शेड्यूल बदलना पड़ता है. इसके अलावा नई तारीख का इंतजार, आर्थिक खर्च और उम्र सीमा जैसी चिंताएं भी कई उम्मीदवारों के लिए महत्वपूर्ण हो सकती हैं. दूसरी ओर, भर्ती संस्थाओं के लिए परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना भी जरूरी है. इसलिए हर मामले में रद्द या स्थगित करने की वजह अलग-अलग देखना जरूरी है.