Last Updated:
Patna Crime News : पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक जिंदा बम और 5 कारतूस बरामद किया है. इसके साथ ही मौके से दो संदिग्ध लोगों को भी हिरासत में लिया गया है. पुलिस का मानना है कि इसे कही पर सप्लाई करने की तैयारी चल रही थी. हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में हैंड ग्रेनेड जैसा जिंदा बम और पांच कारतूस बरामद, दो संदिग्ध हिरासत में
पटना: बिहार की राजधानी पटना के अगमकुआं थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने इस कार्रवाई में हैंड ग्रेनेड जैसा दिखने वाला एक जिंदा बम और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पुलिस ने मौके से संदिग्ध स्थिति में 2 लोगों को हिरासत में लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. वहीं, बरामद बम को निष्क्रिय करने के लिए बम स्क्वॉड की टीम को मौके पर बुलाया गया. इस बारे में पटना सिटी अपर पुलिस अधीक्षक राज किशोर सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा.
इस मंदिर के पास पुलिस ने की छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, अगमकुआं आरओबी के नीचे शीतला माता मंदिर के समीप अवैध हथियारों की तस्करी की सूचना पुलिस को मिली थी. जहां सूचना मिलते ही अगमकुआं थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस ने एक जिंदा बम और 5 जिंदा कारतूस बरामद किया है. इसके साथ ही पुलिस ने घटनास्थल से दो लोगों को भी हिरासत में लिया. दोनों संदिग्धों से हथियार और बम से जुड़े मामले में पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार और विस्फोटक वहां कैसे पहुंचे और इन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था.
मौके पर पहुंची बम स्क्वॉड की टीम
जिंदा बम बरामद होने के बाद पुलिस ने इलाके को सुरक्षित किया और बम स्क्वॉड की टीम को मौके पर बुलाया. जहां टीम ने बरामद बम की जांच शुरू कर दी है और उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया चल रही है. इस घटना के बाद आसपास के इलाके में भी पुलिस की गतिविधियां बढ़ा दी गई हैं.
अधिकारियों ने थाने पहुंचकर की पूछताछ
घटना की जानकारी मिलने के बाद सिटी एसपी पटना पूर्वी शैलजा और पटना सिटी के अपर पुलिस अधीक्षक राज किशोर सिंह देर रात अगमकुआं थाना पहुंचे. दोनों अधिकारियों ने हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ की और मामले की जानकारी ली.अपर पुलिस अधीक्षक राज किशोर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.
हथियारों और नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस का मुख्य फोकस बरामद जिंदा बम और कारतूस के स्रोत का पता लगाने पर है. साथ ही हिरासत में लिए गए दोनों लोगों की भूमिका और संभावित हथियार तस्करी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद विस्फोटक और कारतूस किसी आपराधिक गतिविधि के लिए लाए गए थे या नहीं. फिलहाल बम स्क्वॉड की टीम जिंदा बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने में जुटी है. वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले की जानकारी सामने आ जाएगी.