Last Updated:
UPPSC PCS 2025 : यूपी पीसीएस 2025 इंटरव्यू शेड्यूल के बाद पदों और वैकेंसी का भी डिटेल जारी कर दिया है. आयोग ने सभी 28 तरह के पदों पर कुल 814 रिक्तियों का ब्योरा दिया है. इसमें एसडीएम की 34 वैकेंसी है.
UPPSC PCS 2025 : सबसे अधिक 123 रिक्तियां आबकारी इंस्पेक्टर की हैं.
प्रयागराज. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने पीसीएस 2025 के पदों का विस्तृत विवरण जारी कर दिया है. आयोग ने चयन प्रक्रिया के आखिरी चरण से ठीक पहले भर्ती प्रक्रिया में शामिल सभी 28 तरह के पदों पर कुल 814 रिक्तियों का ब्योरा दिया है. इसमें उप जिलाधिकारी (SDM) की 34 और पुलिस उपाधीक्षक (Deputy SP) की 56 रिक्तियां हैं.
पीसीएस 2025 की भर्ती में प्रशासनिक, पुलिस, राजस्व, विकास, श्रम और खाद्य सुरक्षा समेत विभिन्न विभागों में रिक्तियां शामिल हैं. सबसे अधिक 123 रिक्तियां आबकारी इंस्पेक्टर पद पर हैं. जबकि, नायब तहसीलदार की 105, कोषाधिकारी और लेखाधिकारी की 92 और खंड विकास अधिकारी पद पर 85 रिक्तियां हैं. खाद्य सुरक्षा अधिकारी की 72, सहायक आयुक्त वाणिज्य कर की 45, एआरटीओ की 35 और श्रम परिवर्तन अधिकारी की 37 रिक्तियां हैं.
2297 उम्मीदवार देंगे पीसीएस इंटरव्यू
यूपी पीसीएस 2025 की मुख्य परीक्षा में 10284 उम्मीदवार शामिल हुए थे. जिसमें से 2297 उम्मीदवार सफल हुए हैं. अब ये अभ्यर्थी अब इंटरव्यू में शामिल होंगे. इंटरव्यू 28 सितंबर से 24 अक्टूबर तक होगा. इंटरव्यू 19 कार्य दिवसों में दो पालियों में होगा. सुबह 9:30 बजे से इंटरव्यू का पहला सत्र होगा, जबकि दूसरा सत्र दोपहर 2:00 बजे से होगा. आयोग ने इंटरव्यू का शेड्यूल उम्मीदवारों के रोल नंबर के मुताबिक जारी किया है. बता दें कि चयन के लिए इंटरव्यू के अंक और मुख्य परीक्षा के नंबरों को जोड़ा जाएगा.
यूपी पीसीएस मुख्य परीक्षा का रिजल्ट 17 सितंबर को जारी किया गया था. यह परीक्षा 29 मार्च 2026 से 1 अप्रैल 2026 तक प्रयागराज और लखनऊ में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर हुई थी.
पीसीएस इंटरव्यू कहां होगा?
जिन उम्मीदवारों का इंटरव्यू पहली शिफ्ट में है, उन्हें प्रयागराज स्थित आयोग के कार्यालय सरस्वती भवन में सुबह आठ बजे पहुंचना है. जबकि दूसरी शिफ्ट वालों को दोपहर 12:30 बजे तक पहुंचना है. इंटरव्यू के लिए उम्मीदवारों को अपने साथ शैक्षणिक अर्हता संबंधी सभी मार्कशीट, डिग्री और प्रमाण पत्रों की मूल प्रतियां लेकर जाना है जरूरी है.