Last Updated:
Jamu Viral Video Case: जमुई के मड़वा पहाड़ी पर नाबालिग छात्र छात्रा के साथ बदसलूकी और छेड़खानी मामले में हर दिन नई परतें खुल रहीं हैं. नई जानकारी सामने आई है कि पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार नंदन यादव के पिता गनौरी यादव पर अपने ही गोतिया (निकट संबंधी) में दो भाइयों की हत्या का पुराना मुकदमा दर्ज है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
संसार देवी, प्रतापपुर गांव की महिला ने बेटे के मर्डर का आरोप नंदन यादव के पिता गनौरी यादव पर लगाया.
जमुई के मड़वा पहाड़ी पर नाबालिग छात्र-छात्रा से बदसलूकी और छेड़खानी के मामले में अभियुक्त हरेराम यादव की पॉक्सो कोर्ट में पेशी हुई. इस बीच पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार मुख्य आरोपी नंदन यादव के पिता गनौरी यादव को लेकर भी पुराना आपराधिक मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, गनौरी पर साल 2003 में प्रतापपुर गांव में दो भाइयों की हत्या के मामले में केस दर्ज है. छेड़खानी मामले में नंदन की तलाश के दौरान उसके परिवार के लोगों को हिरासत में लिया गया था, इसी दौरान पुलिस को गनौरी के पुराने मामले की जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि जमुई पुलिस ने छेड़खानी की घटना के बाद जब आरोपी नंदन यादव की तलाश में प्रतापपुर गांव में छापेमारी की थी, तो घर से उसके परिवार वालों को हिरासत में लिया था. इसमें उसका पिता गनौरी यादव भी शामिल था. पहले उसे छेड़खानी केस में हिरासत में रखा गया था, लेकिन पूछताछ में पता चला कि उस पर पहले से हत्या का केस चल रहा है. अब उसे उसी मामले में गिरफ्तार किया गया है.
2003 के दोहरे हत्याकांड का मामला
जानकारी के अनुसार, साल 2003 में प्रतापपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर पूना यादव और डीपी यादव नाम के दो भाइयों की हत्या कर दी गई थी. परिवार की ओर से आरोप है कि दोनों भाइयों के साथ पहले मारपीट की गई और फिर गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस मामले में गनौरी यादव को भी अभियुक्त बनाया गया था. परिवार का दावा है कि इस हत्याकांड के कुछ आरोपियों को बाद में सजा भी हुई, जबकि गनौरी यादव लंबे समय से फरार चल रहा था. हालांकि, इस पुराने मामले में गनौरी के खिलाफ वारंट की मौजूदा स्थिति क्या है, इसकी पुलिस जांच कर रही है.
छेड़खानी मामले में हिरासत के बाद सामने आया पुराना केस
मड़वा पहाड़ी की घटना का वीडियो सामने आने के बाद जमुई पुलिस ने कार्रवाई तेज की थी. मामले में नंदन यादव और हरेराम यादव की तलाश के दौरान पुलिस ने प्रतापपुर गांव में छापेमारी की थी. इसी दौरान नंदन के परिवार के लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिसमें उसके पिता गनौरी यादव भी शामिल थे. जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि गनौरी को छेड़खानी की घटना के सिलसिले में हिरासत में लेने के बाद उसके पुराने मामले की जानकारी सामने आई. एसपी के मुताबिक, साल 2003 का मामला होने के कारण यह भी देखा जा रहा है कि गनौरी के खिलाफ वारंट जारी था या नहीं. पुलिस इस संबंध में जानकारी जुटा रही है.
दो बेटों की हत्या के बाद भी न्याय का इंतजार
प्रतापपुर गांव में पूना और डीपी यादव की मां संसार देवी आज भी अपने दोनों बेटों को याद कर भावुक हो जाती हैं. परिजनों के मुताबिक, दो बेटों की हत्या के वर्षों बाद भी उन्हें न्याय का इंतजार है. संसार देवी ने कहा कि उनके दोनों बेटों की हत्या जमीन विवाद में कर दी गई थी. अब इतने साल बीत जाने के बाद भी वह इस मामले में न्याय चाहती हैं.
नंदन मुठभेड़ के बाद गनौरी पर कार्रवाई
इधर, मड़वा पहाड़ी मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, नंदन ने घेराबंदी के दौरान पुलिस पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी. नंदन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अब पुलिस गनौरी यादव के 2003 के मामले का रिकॉर्ड खंगाल रही है. अगर पुराने मामले में उसकी गिरफ्तारी या न्यायिक हिरासत से जुड़ी कानूनी प्रक्रिया लंबित पाई जाती है, तो उस आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी.