Last Updated:
Animal husbandry: पूर्वांचल की गंगातीरी गाय पशुपालकों के बीच तेजी से पसंद की जा रही है. पशुपालक के अनुसार सामान्य देखभाल में यह गाय रोजाना 18 से 20 लीटर तक दूध दे सकती है. गंगातीरी गाय की बछिया की कीमत करीब 40 से 60 हजार रुपये और अच्छी दूध देने वाली स्वस्थ गाय की कीमत 1.50 लाख रुपये तक बताई गई है.
वाराणसी: पशुपालकों के लिए पूर्वांचल की गंगातीरी गाय एटीएम से कम नहीं है. सामान्य रखरखाव में ही गाय की यह नस्ल रोजाना दूसरी गायों के मुकाबले अधिक दूध देती है. पूर्वांचल में गंगा किनारे वाले इलाकों में गाय की यह नस्ल पाई जाती है. इसका दूध स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. इसीलिए बाजार में इसके दूध की मांग भी रहती है और पशुपालकों को दूध की अच्छी कीमत मिलती है.
गंगातीरी गाय की उत्पत्ति पूर्वी यूपी और पश्चिमी बिहार के गंगा किनारे वाले क्षेत्रों में हुई है. इस गाय का रंग सफेद या हल्का ग्रे होता है. यह गाय आम देसी गायों के मुकाबले कद-काठी में मजबूत दिखाई देती है. इनके सींग हल्के मुड़े हुए होते हैं. वर्तमान समय में वाराणसी के शहंशाहपुर गांव में इस गाय की नई ब्रीड तैयार की जा रही है. हाल के दिनों में एक गाय ने जुड़वा बछड़ों को जन्म दिया है.
आम गाय से देती है दोगुना दूध
लोकल18 से बातचीत में पशुपालक गोरखनाथ ने बताया कि आम गाय वैसे तो प्रतिदिन 10 से 12 लीटर दूध देती है, लेकिन उनके मुकाबले गंगातीरी गाय लगभग दोगुना दूध देती है. सुबह और शाम का दूध मिलाकर एक गाय सामान्य रखरखाव में भी 18 से 20 लीटर प्रतिदिन दूध देती है. वाराणसी, गाजीपुर, बलिया सहित अन्य जिलों में वर्तमान समय में पशुपालक इस नस्ल की गाय को काफी पसंद कर रहे हैं.
गंगातीरी गाय का दूध बताया फायदेमंद
उन्होंने बताया कि इसका रखरखाव भी काफी आसान है. सामान्य गायों की तरह साफ-सुथरी जगह पर इसे आसानी से रखा जा सकता है. हेल्थ के लिहाज से इस गाय का दूध काफी लाभदायक बताया जाता है. इसके दूध से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ने की बात कही जाती है, जिससे मनुष्य को कई तरह की बीमारियों से बचाव में मदद मिल सकती है.
इतनी है गंगातीरी गाय की कीमत
गंगातीरी गाय की बछिया की कीमत 40,000 से 60,000 रुपये के बीच होती है. हालांकि, दूध देने की क्षमता के आधार पर इसकी कीमत में थोड़ा उतार-चढ़ाव भी होता है. वहीं, यदि गाय पूरी तरह स्वस्थ हो और वह हर दिन 18 लीटर तक दूध देती हो, तो ऐसी गाय के लिए आपको 1.50 लाख रुपये तक खर्च करना पड़ सकता है.