मध्य प्रदेश का फिर बदला मौसम! 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, आज की वेदर रिपोर्ट

मध्य प्रदेश का फिर बदला मौसम! 3 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, आज की वेदर रिपोर्ट


जबलपुर. सितंबर का महीना खत्म होने को है लेकिन मध्य प्रदेश में बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. मानसून की विदाई से पहले एक दौर की बारिश का अनुमान जताया जा रहा है, जो आज (23 सितंबर 2026, दिन बुधवार) से शुरू होकर अगले कुछ दिनों तक रहेगा. आज प्रदेश के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. तीन जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं शेष जिलों में तेज रफ्तार हवा के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. खराब मौसम के चलते लोगों से सावधान रहने की अपील की जा रही है.

भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार बंगाल की खाड़ी में नया मौसमी सिस्टम एक बार फिर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ाने जा रहा है. आज पूर्वी जिलों में मानसूनी गतिविधियां ज्यादा देखने को मिलेंगी. छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश होने की संभावना है. तीनों जिलों में 64.5 मिमी से लेकर 115.5 मिमी तक वर्षा दर्ज की जा सकती है.

हल्की से मध्यम बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक आज शेष जिलों में झोंकेदार हवा, वज्रपात और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. खंडवा, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, रायसेन, हरदा, रायसेन, बैतूल, विदिशा, सागर, अशोकनगर, छतरपुर, टीकमगढ़, सतना, पन्ना, मैहर, रीवा, सीधी, मऊगंज, सिंगरौली जैसे जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है.

ग्वालियर में सबसे ज्यादा तापमान
पिछले 24 घंटे में भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, शहडोल और सागर में बारिश हुई है. बाकी जिलों में मौसम गर्म रहा. ग्वालियर में सबसे ज्यादा तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सबसे कम तापमान धार में 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मानसूनी गतिविधियों के सक्रिय होने से तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी.

मध्य प्रदेश में मानसून की बारिश का कोटा अधूरा
बताते चलें कि मध्य प्रदेश में मानसून की बारिश का कोटा फिलहाल अभी अधूरा है. प्रदेश में अब तक 33.7 इंच बारिश हुई है. सामान्य कोटे का 90.3 प्रतिशत ही पूरा हुआ है. एमपी अभी सामान्य से कम की कैटेगरी में है. आधे से ज्यादा जिलों में बारिश की कमी है. बरसात के आंकड़ों में इंदौर संभाग सबसे ज्यादा पिछड़ा है. भोपाल समेत 22 जिलों में 100 फीसदी या उससे ज्यादा बारिश हो चुकी है. कई जिलों में कोटा पूरा हुआ है. मानसून की विदाई में अब करीब 10 दिन बाकी हैं. तेज बारिश के एक और दौर की संभावना है. 23 सितंबर से भारी बारिश की स्थिति बन रही है. इस दौरान पन्ना, मंडला, मंदसौर, मुरैना समेत कई जिलों का बारिश कोटा पूरा हो सकता है.



Source link