दिल्ली के पार्को में अब पिंक पुलिस का पहरा, कालकाजी गैंगरेप के बाद निर्देश
Last Updated:
कालकाजी स्थित आस्था कुंज पार्क में गैंगरेप के बाद दिल्ली के सभी पार्कों में पिंक पुलिस तैनात की जाएगी. साथ ही सभी पार्कों में सुरक्षा ऑडिट किए जाएंगे. दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सुरक्षा ऑडिट और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं.
कालकाजी आस्था कुंज पार्क में गैंगरेप के मामले के बाद दिल्ली के एलजी ने सभी पार्कों में पिक पुलिस तैनात करने के निर्देश दिए हैं. (File Photo)
दिल्ली के कालकाजी स्थित आस्था कुंज पार्क में 17 साल की नाबालिग किशोरी के साथ हुए गैंगरेप के बाद राजधानी में नए निर्देश जारी किए गए हैं. अब दिल्ली के सभी पार्कों में पिंक पुलिस का पहरा रहेगा. साथ ही सभी पार्कों में सुरक्षा ऑडिट भी किया जाएगा. ताकि अंधेरे के बाद भी इन पार्कों में लोगों की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रहे.
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने बुधवार को दक्षिणपूर्वी दिल्ली के कालकाजी इलाके के एक पार्क में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद शहर के सभी पार्क का सुरक्षा ऑडिट कराने और उनके आसपास पिंक पुलिसकर्मियों की तैनाती का निर्देश दिया है.
उपराज्यपाल कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि संधू ने दिल्ली पुलिस आयुक्त, नगर निगम (एमसीडी) आयुक्त और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के उपाध्यक्ष के साथ बैठक की.
इस बैठक के बाद उन्होंने निर्देश दिया कि दिल्ली के सभी पार्कों का एक सप्ताह के भीतर व्यापक सुरक्षा ऑडिट किया जाए. इसमें पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा व्यवस्था, नियमित गश्त और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए.
उपराज्यपाल कार्यालय ने बताया कि दिल्ली पुलिस को गश्त मजबूत करने का भी निर्देश दिया गया है. इसके तहत पार्क के आसपास पिंक पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की जाएगी. ये ‘पिंक पुलिस कर्मी’ विशेष रूप से प्रशिक्षित महिला पुलिसकर्मियों की इकाइयां होती हैं, जिन्हें महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तैनात किया जाता है. अब इनकी तैनाती दिल्ली के पार्कों में की जाएगी.
दिल्ली के आस्थाकुंज पार्क में हुई गैंगरेप की घटना ने एक बार फिर दिल्ली में तूफान ला दिया था. पुलिस के मुताबिक फरीदाबाद की रहने वाली 17 वर्षीय लड़की सोमवार शाम कालकाजी मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने नाबालिग दोस्त के साथ पास ही स्थित आस्था कुंज पार्क में बैठी थी. वहां खुद को पुलिसकर्मी बताकर पहुंचने तीन युवकों ने पहले दोनों को धमकाया, फिर तीनों ने मिलकर लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया.
पुलिस ने बताया कि इस दुष्कर्म के आरोपी तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.