Last Updated:
Motihari News: पूर्वी चंपारण में 13 करोड़ के पुल के अप्रोच पथ की मरम्मत पर फिर सवाल उठ रहे हैं. प्रशासन ने दरार वाली सड़क की मरम्मत कराई थी. अब मरम्मत के कुछ ही समय बाद सड़क पर डाला गया कंक्रीट और अलकतरा टूटने लगा है. स्थानीय लोगों ने इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं. खास बात यह है कि पुल का उद्घाटन महज 22 दिन पहले हुआ था.
मजुरहा-हरदिया पुल के अप्रोच रोड की मरम्मत में लापरवाही.
मोतिहारीः बिहार पथ निर्माण विभाग का अजब गजब कारनामा सामने आया. जहां नए नवेले पुल की अप्रोच रोड में दरार आ गई थी. फिर उसकी मरम्मत की गई, तो मामला और दिलचस्प हो गया. दरार को इस तरह जोड़ा गया कि सड़क की गिट्टी हाथ से उखड़ने लगी. मामूल हो कि पूर्वी चंपारण में करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाया गया था, जिसके अप्रोच पथ के निर्माण पर सवाल उठ रहे हैं.
22 दिन पहले ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मजुरहा-हरदिया पुल का उद्घाटन किया था. इसके कुछ ही दिनों बाद अप्रोच पथ में करीब 20 फीट लंबी दरार दिखाई दी थी. सड़क का एक हिस्सा नीचे की ओर धंसता हुआ भी नजर आया था. इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और अप्रोच पथ की मरम्मत कराई गई. लेकिन मरम्मत के बाद सड़क की स्थिति को लेकर फिर सवाल उठ रहे हैं. आरोप है कि रिपेयरिंग के दौरान जल्दबाजी की गई. अब सड़क पर डाला गया कंक्रीट और अलकतरा कई जगहों से टूटने लगा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मरम्मत के कुछ ही समय बाद सड़क की ऊपरी परत खराब होने लगी. इससे निर्माण और मरम्मत में इस्तेमाल सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
पहले आई दरार, फिर कराई गई मरम्मत
मजुरहा-हरदिया पुल करीब 72 मीटर लंबा और 7.5 मीटर चौड़ा है. करीब 13 करोड़ रुपये की लागत से बने इस आरसीसी पुल के शुरू होने से इलाके के करीब 10 प्रखंडों को जिला मुख्यालय से सीधी कनेक्टिविटी मिली है. हालांकि, उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद इसके अप्रोच पथ में दरार सामने आ गई. सड़क का एक हिस्सा धंसता हुआ भी दिखाई दिया. स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत की. इसके बाद मामला सामने आया और प्रशासन ने अप्रोच पथ की मरम्मत कराई. अब मरम्मत के बाद सड़क की तस्वीर ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. सड़क पर बिछाया गया कंक्रीट और अलकतरा कई जगह से टूट रहा है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी जल्दी सड़क की परत कैसे खराब होने लगी.
पूर्व विधायक ने लगाए गंभीर आरोप
मामले को लेकर पूर्व विधायक और आरजेडी नेता राजेंद्र राम ने भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने पुल निर्माण में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि अप्रोच पथ की मौजूदा स्थिति को देखते हुए इसे फिर से तोड़कर गुणवत्तापूर्ण तरीके से बनाया जाना चाहिए. राजेंद्र राम ने विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि सिर्फ ऊपर से मरम्मत कर देने से समस्या का समाधान नहीं होगा. सड़क की गुणवत्ता की जांच जरूरी है.