Last Updated:
Kichha Siroulikalan Civic Polls Live News Update : नगर पालिका किच्छा और सिरौलीकलां में आज मतदान होंगे.दोनों निकायों में कुल 63,831 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. किच्छा में 52,240 और सिरौलीकलां में 11,591 मतदाता हैं.
किच्छा-सिरौली कलां पालिका चुनाव live.
रुद्रपुर : नगर पालिका किच्छा और नगर पंचायत सिरौलीकलां में आज मतदान शुरू हो चुके हैं. चुनाव को लेकर प्रशासन ने पहले ही सभी तैयारियां पूरी कर लीं. सुबह से ही लोगों की लंबी लाइनें मतदान करने के लिए लगी हुई हैं. दोनों निकायों में 63,831 मतदाता प्रत्याशियों के भविष्य का फैसला होगा. हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि नगर पालिका चुनाव की मतगणना अगले आदेश तक हाईकोर्ट ने स्थगित कर दी है.
क्यों पहुंचा मामला हाईकोर्ट?
इससे पहले, हाई कोर्ट ने ऊधमसिंह नगर जिले में नगर पालिका किच्छा और नगरपालिका सिरौली कलां के चुनाव से संबंधित मामले में सुनवाई की. न्यायाधीश न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की एकलपीठ में सुनवाई के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से बताया गया था कि दोनों नगर पालिकाओं में मतदान 22 सितंबर को होना है जबकि मतदान के बाद मतगणना को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया गया.
आयोग की ओर से संशोधित अधिसूचना के बाद कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई को पांच अक्टूबर की तिथि नियत की है. किच्छा निवासी नईम उल शान व मोहम्मद रफीक ने किच्छा नगरपालिका से संबंधित 24 अप्रैल 2025 की अस्थायी अधिसूचना को याचिका दायर कर चुनौती दी थी. इसके बाद राज्य सरकार की ओर से मई 2025 को सिरौलीकलां क्षेत्र को अलग नगर पालिका के रूप में अधिसूचित कर दिया, जिसे याचिकाकर्ता ने इस आधार पर चुनौती दी कि जब यह पूर्व से ही नगर पालिका किच्छा का भाग है, तो इसको संविधान के अनुच्छेद 243 के प्रविधान के विपरीत पृथक कैसे किया जा सकता है.
याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने तर्क दिया कि सिरौलीकलां को अलग नगर पालिका बनाना हाई कोर्ट के पिछले आदेशों और 2024 में दिए गए अंतरिम स्थगनादेश का उल्लंघन है. इसके अनुसार सिरौलीकलां का दर्जा अभी भी किच्छा नगर पालिका के हिस्से के रूप में है.
किच्छा में इतने मतदाता करेंगे मत का इस्तेमाल
नगरपालिका प्रशासन के अनुसार किच्छा में कुल 52240 मतदाता हैं. इनमें 25,207 महिला, 27,029 पुरुष और 4 अन्य मतदाता शामिल हैं. वहीं सिरौलीकलां में 11,591 मतदाता हैं, जिनमें 5435 महिला और 6156 पुरुष मतदाता हैं. खास बात यह है कि 2018 में सिरौलीकलां क्षेत्र किच्छा नगर पालिका के अधीन था, लेकिन अलग नगर पंचायत बनने के बाद यहां के लोग पहली बार अपना चेयरमैन चुनेंगे.