Pakistan News: पाकिस्तान के कराची में ऑनर किलिंग का एक और मामला सामने आया है, जहां अपनी पसंद से शादी करने वाली 18 वर्षीय एक महिला की कथित तौर पर उसके भाई ने गोली मारकर हत्या कर दी. यह घटना कराची के ओरंगी टाउन इलाके में हुई. पुलिस के अनुसार, महिला ने करीब तीन सप्ताह पहले अपनी पसंद के युवक से शादी की थी और उसके साथ रह रही थी.
पाकिस्तान के समाचार पत्र ‘डॉन’ के अनुसार, मोमिनाबाद थाने के एसएचओ शहबाज यूसुफ ने बताया कि मृतका की पहचान जरका बीबी के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि जरका ने करीब तीन सप्ताह पहले अपनी पसंद से शादी की थी और इसके बाद अपने पति के साथ रहने लगी थी.
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जरका के परिवार को उसकी शादी के बारे में पता चला तो उन्होंने उसे घर लौटने के लिए मनाया. परिवार ने कथित तौर पर उसे एक औपचारिक विवाह समारोह कराने का भरोसा दिया. इसके बाद जरका रविवार रात अपने माता-पिता के घर लौट आई.
पुलिस के अनुसार, घर लौटने के बाद उसके भाई ने कथित तौर पर उसे गोली मार दी और मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल भेजा गया, जहां उसका पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं.
पुलिस ने आरोपी की पहचान सफीर खान के रूप में की है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के पीछे के कारणों तथा परिवार की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
पाकिस्तान में इस तरह के मामलों में महिलाओं और पुरुषों की हत्या उनके परिवार की इच्छा के खिलाफ संबंध या विवाह करने के कारण किए जाने के आरोप लगते रहे हैं. कराची में ही इस साल मई में अपनी पसंद से शादी करने वाले एक युवा दंपति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
25 मई को मलिर इलाके में 20 वर्षीय नादिया और 25 वर्षीय नजीबुल्लाह की कार पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं. पुलिस के अनुसार, यह हमला भी प्रथम दृष्टया ऑनर किलिंग का मामला प्रतीत हुआ था. दोनों ने अपनी पसंद से शादी की थी. नादिया के पिता असलम ने 19 मई को अपनी बेटी के कथित अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी.
पुलिस के मुताबिक, शादी के बाद दंपति मलिर की एक अदालत में पेश हुआ और उन्होंने अपना विवाह प्रमाणपत्र पेश किया. दस्तावेज जमा होने के बाद मामला निपटा दिया गया और नजीबुल्लाह के पिता को भी रिहा कर दिया गया. अदालत की कार्यवाही के बाद दंपति नादरा कार्यालय जा रहा था, तभी उनकी कार पर हमला हुआ. कार में मौजूद चालक समेत दो अन्य लोग हमले में बच निकलने में सफल रहे.
जुलाई में खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के अपर कोहिस्तान के जालकोट इलाके में भी ऑनर किलिंग का मामला सामने आया था, जिसमें एक पुलिसकर्मी और 22 वर्षीय महिला की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच संबंध होने की जानकारी मिलने के बाद महिला के परिवार ने पहले महिला और बाद में पुलिसकर्मी की हत्या कर दी थी. मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को भेजा गया था.