Last Updated:
Balrampur Latest News: यूपी के बलरामपुर में कक्षा 2 की एक छात्रा की स्कूल में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. घटना के समय स्कूल के पास से मूर्ति विसर्जन का जुलूस गुजर रहा था, जिसमें तेज आवाज में DJ बज रहा था. छात्रा के परिवार ने DJ की तेज आवाज को उसकी तबीयत बिगड़ने से जोड़ा है.
सीसीटीवी में कैद हुई घटना.
बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में एक स्कूल की कक्षा में पढ़ रही 7 साल की छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ गई. कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई. घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है. छात्रा का नाम वैष्णवी तिवारी बताया गया है. वह डिवाइन पब्लिक स्कूल में कक्षा 2 में पढ़ती थी.
बताया गया कि जिस समय छात्रा क्लास में थी, उसी दौरान स्कूल के पास से मूर्ति विसर्जन का जुलूस गुजर रहा था. जुलूस में DJ बज रहा था और आवाज काफी तेज थी. स्कूल के CCTV में भी उस दौरान क्लास में बच्चों के बीच हलचल दिखाई देने की बात सामने आई है.
परिवार की ओर से दावा किया गया है कि तेज आवाज के दौरान छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ी. स्कूल के शिक्षकों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. स्कूल के शिक्षकों के मुताबिक, DJ की आवाज इतनी तेज थी कि क्लास में भी उसका असर महसूस हो रहा था. घटना के बाद छात्रा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया.
हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि छात्रा की मौत DJ की आवाज की वजह से ही हुई. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. CCTV फुटेज देखे जा रहे हैं और स्कूल, जुलूस के रास्ते समेत दूसरे पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस के मुताबिक, अभी छात्रा के परिवार की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.