सितंबर में गार्डन में लगा दें ये फूल, सर्दियों में महक उठेगी बगिया, कटिंग से मिट्टी तक जानें जरूरी स्टेप्स

सितंबर में गार्डन में लगा दें ये फूल, सर्दियों में महक उठेगी बगिया, कटिंग से मिट्टी तक जानें जरूरी स्टेप्स


Last Updated:

Best Plants To Grow In September: सितंबर का महीना विंटर गार्डन तैयार करने के लिए बेहद खास माना जाता है. इस महीने में डहेलिया, गुलदाउदी, गेंदा, बेला, चमेली जैसे कई फूल के पौधे लगाए जा सकते हैं, जिससे ठंड के मौसम में आपका गार्डन रंग-बिरंगे फूलों और खुशबू से भर उठेगा.

ख़बरें फटाफट

पलामू. ग्रामीण क्षेत्रों के साथ शहर में एक अच्छे और खुशनुमा माहौल के लिए लोगों में गार्डेनिंग का शौक बढ़ता जा रहा है. वहीं सितंबर का महीना विंटर गार्डन तैयार करने के लिए बेहद खास माना जाता है. अगर आपको गार्डनिंग का शौक है तो अभी से इसकी तैयारी शुरू कर सकते हैं. सितंबर में लगाए या तैयार किए गए पौधे ठंड के मौसम में अच्छी तरह विकसित होकर गार्डन को रंग-बिरंगे फूलों और खुशबू से भर सकते हैं. इसके लिए गमलों या जमीन में अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी तैयार करें और पौधों को पर्याप्त धूप वाली जगह पर रखें.

डहेलिया और गुलदाउदी की करें तैयारी
पलामू जिले के गार्डेनिंग एक्सपर्ट डी.एस. श्रीवास्तव ने बताया कि सितंबर में डहेलिया और गुलदाउदी यानी क्रिसेंथेमम जैसे विंटर फ्लावरिंग पौधों की कटिंग तैयार की जा सकती है. इन पौधों की स्वस्थ शाखाओं से कटिंग लेकर उचित मिट्टी में लगाया जाता है. कुछ समय बाद इनमें जड़ें विकसित होने लगती हैं और ठंड के मौसम में फूल आने शुरू हो जाते हैं. इसी समय गेंदे की अलग-अलग वैरायटी भी लगाई जा सकती हैं. पीला, नारंगी और दूसरे रंगों के गेंदे के फूल गार्डन को आकर्षक लुक देते हैं.

खुशबूदार पौधों से महकेगा गार्डन
ठंड के मौसम में भी कई खुशबूदार फूल वाले पौधे गार्डन की खूबसूरती बढ़ाते हैं. बेला और चमेली जैसे पौधों की कुछ किस्मों से कटिंग तैयार की जा सकती है. इसके अलावा स्वीट एलिसम, स्टॉक, स्वीट पी, डायन्थस और नाइट-फ्लॉक्स जैसे पौधे भी खुशबू और रंग दोनों के लिए लगाए जा सकते हैं. इन्हें सही मौसम में लगाने से सर्दियों में गार्डन में फूलों की खुशबू बनी रहती है.

एस्टर और दूसरे विंटर फ्लावर
उन्होंने बताया कि सितंबर में एस्टर, फ्लॉक्स और डहेलिया जैसे विंटर फ्लावरिंग पौधों की तैयारी भी की जा सकती है. एस्टर के रंग-बिरंगे फूल गार्डन को आकर्षक बनाते हैं, जबकि फ्लॉक्स अपनी खूबसूरती और खुशबू के लिए जाना जाता है. इनके साथ पिटूनिया, पैंसी और कैलेंडुला जैसे मौसमी फूल भी लगाए जा सकते हैं. अलग-अलग रंग और आकार के पौधों को एक साथ लगाने से गार्डन को नया और अनोखा लुक मिलता है.

तितलियों को आकर्षित करेंगे फूल
उन्होंने कहा कि विंटर गार्डन में फूलों की खूबसूरती के साथ तितलियों की मौजूदगी भी देखने को मिल सकती है. गेंदे, एस्टर और दूसरे फूलदार पौधे तितलियों को आकर्षित करते हैं. अगर गार्डन में अलग-अलग रंगों के फूल लगाए जाएं तो यह तितलियों के लिए भी आकर्षक जगह बन सकती है.



Source link