Last Updated:
MP Weather Today: मध्य प्रदेश में आज (22 सितंबर 2026, दिन मंगलवार) ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है लेकिन गरज-चमक के साथ झोंकेदार हवा चलने का अनुमान है. राजधानी भोपाल में दिन के समय बादल छाए रह सकते हैं लेकिन बारिश होने की संभावना नहीं है.
आज कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. (सांकेतिक तस्वीर)
जबलपुर. मध्य प्रदेश (MP Ka Aaj Ka Mausam) में मानसून फिलहाल कमजोर अवस्था में है लेकिन विदाई से पहले प्रदेश के ज्यादातर जिलों में भारी बारिश होने की संभावना बन रही है. दरअसल एमपी से मानसून की विदाई सामान्य तौर पर सितंबर के अंत में या अक्टूबर के पहले हफ्ते में हो जाती है. इस बार बंगाल की खाड़ी में बनने वाला नया सिस्टम राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ा सकता है. भोपाल स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 23 सितंबर से राज्य में एक मजबूत वेदर सिस्टम सक्रिय होने के आसार हैं. इसके प्रभाव से कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना बन रही है. फिलहाल आज यानी 22 सितंबर 2026, दिन मंगलवार को ज्यादातर जिलों में मौसम साफ रहेगा. तीव्र बरसात का कोई अलर्ट नहीं है लेकिन गरज-चमक के साथ तेज रफ्तार हवा जरूर परेशानी करेगी.
मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. ज्यादातर जनपदों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. वहीं गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने का अनुमान जताया गया है. इस दौरान खुले में, टिन शेड, हल्की नुकीली या धारदार वस्तुओं आदि के आसपास न खड़े हों.
राजधानी भोपाल में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी भोपाल में आज दिन के वक्त थोड़े बादल छाए रह सकते हैं लेकिन बारिश की संभावना बिल्कुल न के बराबर है. दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी यानी दोपहर में उमस भरी गर्मी एक बार फिर लोगों को परेशान करेगी. सूबे की आर्थिक राजधानी इंदौर में भी आज कुछ इसी तरह का मौसम देखने को मिलेगा. बादल जरूर छाए रहेंगे लेकिन बरसात नहीं होगी.
मध्य प्रदेश में मानसून की बारिश का कोटा अधूरा
बताते चलें कि मध्य प्रदेश में मानसून की बारिश का कोटा फिलहाल अभी अधूरा है. प्रदेश में अब तक 33.7 इंच बारिश हुई है. सामान्य कोटे का 90.3 प्रतिशत ही पूरा हुआ है. एमपी अभी सामान्य से कम की कैटेगरी में है. आधे से ज्यादा जिलों में बारिश की कमी है. बरसात के आंकड़ों में इंदौर संभाग सबसे ज्यादा पिछड़ा है. भोपाल समेत 22 जिलों में 100 फीसदी या उससे ज्यादा बारिश हो चुकी है. कई जिलों में कोटा पूरा हुआ है. मानसून की विदाई में अब करीब 10 दिन बाकी हैं. तेज बारिश के एक और दौर की संभावना है. 23 सितंबर से भारी बारिश की स्थिति बन रही है. इस दौरान पन्ना, मंडला, मंदसौर, मुरैना समेत कई जिलों का बारिश कोटा पूरा हो सकता है.