Last Updated:
Dibba Rotti Recipe: हैदराबाद में इडली-डोसा से हटकर अब दिब्बा रोटी ब्रेकफास्ट का नया क्रेज बन गई है. यह पारंपरिक तेलुगु डिश बाहर से कुरकुरी और अंदर से मुलायम होती है, जिसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है.
हैदराबाद: निज़ामों के शहर हैदराबाद में सुबह के नाश्ते का मतलब आमतौर पर गरमा-गरम इडली, करारे डोसे या वड़े ही होते हैं, लेकिन अगर आप रोज़-रोज़ वही नाश्ता खाकर बोर हो चुके हैं. तो शहर के फूडीज के बीच इन दिनों एक पारंपरिक तेलुगु डिश खूब सुर्खियां बटोर रही है दिब्बा रोटी.
आंध्र और तेलंगाना के तटीय इलाकों की यह पारंपरिक डिश देखने में भले ही मोटी रोटी या केक जैसी लगे, पर इसका स्वाद बेमिसाल होता है। बाहर से यह एकदम कुरकुरी और सुनहरी होती है जबकि अंदर से उतनी ही स्पंजी और मुलायम। इसे मिनपा रोत्ती भी कहा जाता है और हैदराबाद के कई पारंपरिक टिफिन सेंटर्स पर लोग सुबह-सुबह इसका लुत्फ उठाते दिख रहे हैं।
घर पर कैसे बनाएं?
इसे तैयार करने के लिए किसी खास सामग्री की जरूरत नहीं होती। यह आपके रोज़मर्रा के इडली-डोसा बैटर से ही झटपट बन जाती है।
इडली या डोसा का गाढ़ा बैटर (उड़द दाल और इडली रवा/चावल का मिश्रण)
जीरा आधा छोटा चम्मच
कुकिंग ऑयल 2 से 3 चम्मच
बनाने की विधि
एक गहरे तले वाली कड़ाही या पैन में 2 चम्मच तेल गरम करें. इसमें थोड़ा जीरा डालें ताकि तड़के की खुशबू आए. अब कड़ाही के बीचों-बीच 3 से 4 बड़े चमचे गाढ़ा बैटर डालें. इसे डोसे की तरह फैलाना नहीं है, बल्कि केक की तरह मोटा ही रहने देना है. बैटर के बिल्कुल बीच में एक छोटी पीतल या स्टील की कटोरी रख दें. इससे रोटी के बीच में छेद बनता है और वह अंदर तक बराबर पकती है. ढककर धीमी आंच पर 8–10 मिनट तक पकने दें, जब तक निचली परत पूरी तरह सुनहरी और क्रिस्पी न हो जाए. कटोरी हटाकर इसे पलटें और दूसरी तरफ भी 3-4 मिनट कुरकुरा होने तक सेक लें.
किसके साथ परोसें?
हैदराबादी स्वाद के शौकीन इसे खास बॉम्बे चटनी या आंध्र की मशहूर आलम पचड़ी के साथ खाना पसंद करते हैं. कई लोग इसे पुराने पारंपरिक अंदाज में देसी गुड़ के शीरे के साथ भी चाव से खाते हैं.