Last Updated:
Bihar MLC Election Date: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव का ऐलान हो गया है. इनमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी की स्नातक सीटों के साथ पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण की शिक्षक सीटों पर चुनाव होगा. 23 अक्टूबर को मतदान की तारीख तय की गई है. जानिए पूरा शेड्यूल…
बिहार MLC इलेक्शन की तारीखों का ऐलान किया गया.
पटनाः बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनावी बिगुल बज गया. मतदान और मतगणना की तारीख चुनाव आयोग की तरफ से जारी की गई है. 23 अक्टूबर को मतदान होगा. इन सीटों में 4 स्नातक और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र हैं. पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी की स्नातक सीटों के साथ पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण की शिक्षक सीट पर चुनाव होगा. मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर को खत्म हो रहा है. चुनाव की तारीख सामने आते ही इन सीटों पर दावेदारी और राजनीतिक हलचल तेज हो गई है.
चुनाव आयोग के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 (मंगलवार) को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी. 6 अक्टूबर (मंगलवार) नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख होगी. 7 अक्टूबर (बुधवार) को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 9 अक्टूबर (शुक्रवार) तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे. 23 अक्टूबर (शुक्रवार) को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा. 27 अक्टूबर (मंगलवार) को मतगणना की जाएगी. पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 (शनिवार) तक पूरी कर ली जाएगी.
RJD ने 6 सीटों पर उतारे उम्मीदवार
RJD ने छह सीटों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं. पटना शिक्षक से डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक से दिलीप कुमार, कोसी स्नातक से नितेश कुमार, दरभंगा स्नातक से अनिल कुमार झा, सारण शिक्षक से प्रो. जयराम यादव और तिरहुत स्नातक से डॉ. रश्मि विनायक गौतम को उम्मीदवार बनाया गया है. दरभंगा शिक्षक और तिरहुत शिक्षक सीट पर RJD ने अभी उम्मीदवार घोषित नहीं किया है.
जन सुराज के 5 उम्मीदवार घोषित
प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने भी पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं. पटना शिक्षक से दिव्या ज्योति, सारण शिक्षक से अफाक अहमद, दरभंगा शिक्षक से एसपी राय, कोसी स्नातक से रजनीश रंजन और दरभंगा स्नातक से रवींद्र यादव मैदान में हैं. पार्टी ने पटना स्नातक, तिरहुत स्नातक और तिरहुत शिक्षक सीट के लिए उम्मीदवारों का ऐलान अभी नहीं किया है.
मौजूदा MLC कौन हैं?
मौजूदा समीकरण की बात करें तो पटना शिक्षक सीट पर BJP के नवल किशोर यादव, दरभंगा शिक्षक पर कांग्रेस के मदन मोहन झा, सारण शिक्षक पर जन सुराज समर्थित निर्दलीय अफाक अहमद और तिरहुत शिक्षक पर CPI के संजय कुमार सिंह हैं. वहीं पटना स्नातक से JDU के नीरज कुमार, दरभंगा स्नातक से BJP समर्थित निर्दलीय सर्वेश कुमार, कोसी स्नातक से BJP के एनके यादव और तिरहुत स्नातक से निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी मौजूदा MLC हैं.