Last Updated:
Nainital News: नैनीताल में 124वें नंदा देवी महोत्सव के चलते ऑफ सीजन में भी पर्यटन कारोबार को रफ्तार मिलती नजर आ रही है. शहर में मेले की रौनक के साथ सैलानियों की आवाजाही बढ़ गई है और मॉल रोड, बाजारों से लेकर नैनी झील के आसपास पर्यटकों की चहल-पहल दिखाई दे रही है. बारिश और भूस्खलन के कारण कुछ समय से कम हुई पर्यटकों की आमद अब बढ़ने से स्थानीय दुकानदारों और नाव चालकों के कारोबार में भी तेजी आई है.
नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल में इन दिनों 124वें नंदा देवी महोत्सव की धूम है. धार्मिक आयोजनों के साथ शहर में सजा मेला पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. महोत्सव का असर अब नैनीताल के पर्यटन कारोबार पर भी दिखाई देने लगा है. ऑफ सीजन के बावजूद शहर में सैलानियों की आवाजाही बढ़ी है. नैनीताल की सड़कों से लेकर बाजारों, मॉल रोड और नैनी झील के आसपास पर्यटकों की चहल-पहल नजर आ रही है.
नैनीताल पहुंच रहे पर्यटक यहां की प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लेने के साथ नंदा देवी महोत्सव में भी शामिल हो रहे हैं. कई पर्यटक मां नयना देवी मंदिर पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं, तो बड़ी संख्या में सैलानी नैनी झील में नौकायन का आनंद लेते हुए नजर आ रहे हैं. मेले में सजी दुकानें, झूले और विभिन्न गतिविधियां भी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं.
मेले में पहुंचकर पर्यटक बोले- मौसम बेहद सुहावना
नन्दा देवी के मेले पर पहुंचे पर्यटक यहां के मौसम को देखकर बेहद आकर्षित हो रहे हैं, मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश से नैनीताल पहुंचे पर्यटक मोहित ने बताया कि वह नैनीताल घूमने के लिए आए थे. यहां पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि शहर में नंदा देवी महोत्सव चल रहा है. इसके बाद उन्होंने सबसे पहले मेले का भ्रमण किया. मोहित ने बताया कि, मैदानी इलाकों में जहां इन दिनों गर्मी का असर देखने को मिल रहा है, वहीं नैनीताल का मौसम घूमने के लिए बेहद सुहावना बना हुआ है. उन्होंने कहा कि पहाड़ों की ठंडी हवा, हरियाली और खूबसूरत नजारे पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं. हालांकि, नंदा देवी महोत्सव के चलते शहर में काफी भीड़ भी देखने को मिल रही है.
ऑफ सीजन में बढ़ी चहल-पहल, कारोबारी खुश
पर्यटकों की बढ़ती संख्या का असर स्थानीय कारोबार पर भी दिखाई दे रहा है. नैनीताल के स्थानीय फड़ कारोबारी परवेज ने बताया कि नंदा देवी मेले के चलते पिछले कुछ दिनों से काम में तेजी आई है. उन्होंने कहा कि ऑफ सीजन के कारण पहले कारोबार अपेक्षाकृत हल्का चल रहा था, लेकिन अब अचानक पर्यटकों की संख्या बढ़ने से काम अच्छा हो गया है. परवेज के अनुसार, नैनीताल में ठंड की शुरुआत भी महसूस होने लगी है. मौसम में बदलाव के साथ पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं. ऐसे में मेले के चलते बढ़ी भीड़ स्थानीय कारोबारियों के लिए राहत लेकर आई है.
बारिश और भूस्खलन के बाद अब लौट रहे पर्यटक
नैनी झील में पर्यटकों को नौकायन कराने वाले नाव चालक वीरेंद्र पवार ने बताया कि नंदा देवी महोत्सव के चलते नैनीताल में काफी भीड़ है. पर्यटकों की संख्या बढ़ने से नाव चालकों का काम भी बेहतर हुआ है. उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान पर्यटकों की आमद काफी कम हो गई थी. पहाड़ी क्षेत्रों में जगह-जगह भूस्खलन और खराब मौसम के कारण पर्यटक नैनीताल आने से बच रहे थे. अब मौसम में बदलाव के साथ हालात सामान्य हो रहे हैं और पर्यटक दोबारा नैनीताल पहुंचने लगे हैं. उन्होंने कहा कि नंदा देवी का मेला काम बढ़ने के साथ ही अच्छे पर्यटन के लिए मिल का पत्थर साबित हुआ है.