देहरादून में घर का सपना होगा पूरा: MDDA की ‘आलयम योजना’ में बचे हैं गिने-चुने फ्लैट्स, ऐसे करें आवेदन

देहरादून में घर का सपना होगा पूरा: MDDA की ‘आलयम योजना’ में बचे हैं गिने-चुने फ्लैट्स, ऐसे करें आवेदन


Last Updated:

देहरादून की प्राइम लोकेशन पर अपने आशियाने की तलाश कर रहे लोगों के लिए मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) शानदार अवसर लेकर आया है. शहर के सहस्त्रधारा रोड पर विकसित ‘आलयम आवासीय योजना’ के जरिए मध्यम व निम्न आय वर्ग के परिवारों को बजट-फ्रेंडली कीमतों पर आधुनिक सुविधाओं से लैस घर मुहैया कराए जा रहे हैं.

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अपना घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए ‘आलयम आवासीय योजना’ एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभरी है. एमडीडीए द्वारा संचालित इस तरह की योजनाओं का मुख्य उद्देश्य मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों को किफायती दरों पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त फ्लैट उपलब्ध कराना है. इस योजना के तहत प्रीमियम लोकेशन पर भूकंपरोधी संरचना, 24 घंटे पानी और बिजली की आपूर्ति, सुरक्षित कैंपस, पार्किंग और ग्रीन एरिया जैसी बुनियादी सुविधाएं दी जाती हैं. आसान आवंटन प्रक्रिया और बैंक लोन की सहायता मिलने के कारण, किराए के मकान में रह रहे लोग भी अब आसानी से देहरादून जैसे शहर में अपने बजट के भीतर अपने सपनों का आशियाना बना पा रहे हैं.

MDDA उपाध्यक्ष का बयान: केवल इतने फ्लैट्स शेष
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि आलयम आवासीय योजना मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा देहरादून में संचालित की जा रही एक किफायती आवास परियोजना है. उन्होंने कहा कि हमारी प्रमुख आवासीय योजनाओं में एचआईजी स्कीम, ट्रांसपोर्ट नगर की स्कीम काफी अच्छी है. इसके अलावा ईडब्ल्यूएस की धौलास में लगभग 250 यूनिट्स तैयार की गईं. आलयम योजना के तहत 500 यूनिट के आसपास तैयार की गईं. उन्होंने कहा कि लोगों में काफी रुझान देखने को मिला है. उन्होंने बताया कि एमआईजी में नौ फ्लैट और एलआईजी में लगभग 50 फ्लैट शेष रह गए हैं.

सहस्त्रधारा रोड पर 3 एकड़ में बना प्रोजेक्ट, फ्लैट्स के विकल्प
आलयम आवासीय परियोजना के तहत सहस्त्रधारा रोड पर लगभग तीन एकड़ के क्षेत्र में फ्लैट तैयार किए गए हैं. इसमें स्टूडियो फ्लैट्स, एलआईजी, 2 बीएचके, और 3 बीएचके फ्लैट्स के ऑप्शन बनाए गए हैं. अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट्स को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आम जनता तक पहुँचाने के लिए विभाग काम कर रहा है. आवेदकों के बीच आवंटन में धांधली रोकने के लिए कंप्यूटराइज्ड ड्रॉ/लॉटरी प्रणाली का उपयोग किया जाता है.

रेरा पंजीकृत कैंपस, आधुनिक सुविधाएं और संपर्क सूत्र
परियोजनाएं ‘रेरा’ के अंतर्गत पंजीकृत होती हैं, जिससे निर्माण गुणवत्ता और पजेशन (कब्जे) की समय सीमा पर सख्त निगरानी बनी रहती है. सुविधाओं की बात करें तो जॉगिंग ट्रैक, गेटेड कॉलोनी, पार्टी हॉल, मल्टीपर्पज हॉल, गेस्ट के लिए एक्स्ट्रा पार्किंग की सुविधा उपलब्ध होगी. मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा आधिकारिक पोर्टल और सीधे संपर्क माध्यमों के जरिए बुकिंग की जानकारी और विवरण जनता के लिए सुलभ रखे गए हैं. आप ज्यादा जानकारी के लिए 9012451953 पर संपर्क कर सकते हैं.



Source link