Last Updated:
New Delhi-Noida Road : दिल्ली और नोएडा के बीच का यह नया छह-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर पूरे एनसीआर के ट्रैफिक मैनेजमेंट के लिए गेम-चेंजर साबित होगा. मास्टर प्लान रोड-1 पर एलिवेटेड रूट बनने से न केवल रजनीगंधा और सेक्टर-57 जैसे व्यस्त चौराहों से जाम पूरी तरह खत्म होगा, बल्कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट के मुसाफिरों को भी बिना रुके सिग्नल-फ्री आवाजाही मिलेगी.
यह छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर पूरी तरह से सिग्नल-फ्री होगा. (Photo : AI)
नई दिल्ली. दिल्ली और नोएडा के बीच रोजाना सफर करने वाले लाखों मुसाफिरों के लिए एक अच्छी खबर है. पीक आवर्स में भारी जाम के झंझट से अब जल्द ही छुटकारा मिलने वाला है. नोएडा प्राधिकरण ने डीएनडी फ्लाईवे से नोएडा के सेक्टर-60 तक एक एलिवेटेड रोड बनाने को हरी झंडी दे दी है. आज बंपर-टू-बंपर ट्रैफिक के चलते जो सफर 30 मिनट या उससे अधिक समय में पूरा होता है, वहीं इस नए सिग्नल-फ्री रूट के शुरू होने के बाद यही दूरी महज़ 10 मिनट में तय की जा सकेगी.
करीब 700 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से तैयार होने वाला यह छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर पूरी तरह से सिग्नल-फ्री होगा. पहले की तुलना में इसके एलाइनमेंट को लगभग 1.5 किलोमीटर और बढ़ाया गया है, जिससे अब इस एलिवेटेड हिस्से की कुल लंबाई बढ़कर करीब 6 किलोमीटर हो जाएगी. इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि दिल्ली से आने वाले वाहन बिना किसी रेड लाइट या स्थानीय ट्रैफिक में फंसे, सीधे नोएडा के प्रमुख रिहायशी और कमर्शियल सेक्टरों तक फर्राटा भर सकेंगे.
कहां से गुजरेगा दिल्ली-नोएडा एलिवेटेड रोड?
यह नया एलिवेटेड रोड नोएडा के सेक्टर-3 स्थित व्यस्त रजनीगंधा अंडरपास के पास से शुरू होगा और मास्टर प्लान रोड-1 के ऊपर से आगे बढ़ेगा. इसके बाद यह सेक्टर-10, सेक्टर-12/22 का टी-पॉइंट और सेक्टर-57 से होते हुए सेक्टर-60 जाकरर मास्टर प्लान रोड-2 से सीधे जुड़ जाएगा. इस रूट के बनने से सेंट्रल नोएडा के उन सभी व्यस्त और भीड़भाड़ वाले चौराहों को बायपास कर दिया जाएगा, जहां आज भारी ट्रैफिक रहता है.
ग्रेटर नोएडा वेस्ट और 7X सेक्टरों की भी बल्ले-बल्ले
इस एलिवेटेड रोड का फायदा सिर्फ दिल्ली और सेंट्रल नोएडा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट (नोएडा एक्सटेंशन) और नोएडा के 7X सेक्टरों (सेक्टर-74 से 79) में रहने वाले परिवारों को भी लाभ मिलेगा. वर्तमान में इन इलाकों से दिल्ली या डीएनडी जाने के लिए लोगों को सेंट्रल नोएडा के अंदरूनी और जाम से भरे रास्तों से जूझना पड़ता है. नया सीधा एलिवेटेड कनेक्शन मिलने से वाहन रजनीगंधा और आसपास के बॉटलनेक से बचते हुए बिना रुके सीधे डीएनडी और दिल्ली की ओर निकल सकेंगे.