Last Updated:
Azamgarh Triple Murder Case: यूपी के आजमगढ़ से एक हैरान कर देने वाली घटना घटी है. जहां अहरौला थाना क्षेत्र के शंभुपुर गांव में पूजा को लेकर हुए विवाद के बाद तीन लोगों की मौत का मामला सामने आया है. मरने वालों में आरोपी की पत्नी और पूजा करा रहे दो पंडित बताए जा रहे हैं.
आजमगढ़ में ट्रिपल मर्डर.
आजमगढ़: यूपी के आजमगढ़ में अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार शाम पूजा के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. आरोप है कि बाजार से घर पहुंचे अरविंद सिंह ने पंडितों से आधार कार्ड मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद पिस्टल से फायरिंग कर दी. गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता और दो पंडितों की मौत की सूचना है. घटना के बाद पूजा में शामिल अन्य पंडित मौके से भाग निकले. वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी.घटना के बाद आरोपी अरविंद सिंह अपने बच्चों के साथ घर के अंदर बंद है. पुलिस और प्रशासन के अधिकारी उससे बातचीत कर रहे हैं.
बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले अरविंद के भाई गुड्डू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इसके बाद भाई की आत्मा की शांति के लिए परिवार में नारायणी बली पूजा कराने की बात चल रही थी. बताया जा रहा है कि अरविंद इस पूजा के खिलाफ था. उसने पत्नी और मां से पूजा नहीं कराने को कहा था. इसके बावजूद घर पर पूजा रखी गई. पिछले दो दिनों से पूजा चल रही थी. घटना के समय अरविंद घर पर नहीं था.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अरविंद सिंह के घर में मंगलवार शाम पूजा चल रही थी. घर में चार पंडित, अरविंद की पत्नी बबीता, एक बेटा और एक बेटी मौजूद थे. शाम करीब छह बजे अरविंद बाजार से घर पहुंचा. घर में पूजा होते देख उसने पंडितों से सवाल किया. पंडितों ने पूजा किए जाने की जानकारी दी. इसके बाद अरविंद ने उनसे आधार कार्ड मांगना शुरू कर दिया.
आधार कार्ड मांगने को लेकर अरविंद और पंडितों के बीच बहस होने लगी. आरोप है कि इसी दौरान अरविंद ने घर में रखी पिस्टल निकाल ली और फायरिंग कर दी. गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता के साथ पंडित महेंद्र पाठक और एक अन्य पंडित के घायल होने की बात सामने आई है. घटना में तीनों की मौत की सूचना है. प्रारंभिक जानकारी में राइफल से भी एक गोली चलाए जाने की बात सामने आ रही है.
फायरिंग होते ही पूजा में मौजूद अन्य पंडित मौके से भाग निकले. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की. पुलिस ने मामले में हथियार और फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. मौतों और घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच तथा पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगी.