घर की छत पर सोलर पैनल लगाने वालों को केंद्र देगा 78000, अब बिहार सरकार भी देगी 20000, शुरू हुआ सोलर मिशन

घर की छत पर सोलर पैनल लगाने वालों को केंद्र देगा 78000, अब बिहार सरकार भी देगी 20000, शुरू हुआ सोलर मिशन


Last Updated:

PM Surya Ghar Yojana Bihar Solar Subsidy: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज बड़ी घोषणा करते हुए हर जिले में मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन होगा. इसके साथ ही उन्होंने पीएम सर्य घर योजना के अन्तर्गत राज्य में केंद्र की ओर से मिलने वाली अधिकतम 78 हजार रुपये की सब्सिडी के बाद अब बिहार सरकार ने भी घर की छत पर सोलर लगाने वालों को अधिकतम 20 हजार रुपये की अतिरिक्त मदद देने का फैसला किया है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

मुख्यमंत्री सीएम सम्राट चौधरी

बिहार में अब सोलर पैनल सिर्फ बिजली बचाने का जरिया नहीं, बल्कि सरकार की बड़ी ऊर्जा रणनीति का हिस्सा बनने जा रहा है. केंद्र की ओर से मिलने वाली अधिकतम 78 हजार रुपये की सब्सिडी के बाद अब बिहार सरकार ने भी घर की छत पर सोलर लगाने वालों को अधिकतम 20 हजार रुपये की अतिरिक्त मदद देने का फैसला किया है. मंगलवार को 25 हजार लाभार्थियों के खातों में इसी राज्य सहायता की राशि DBT के जरिए भेजी गई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसे उस अभियान की अगली कड़ी बताया, जिसकी कल्पना नीतीश कुमार के कार्यकाल में हर घर की छत पर सोलर लगाने के रूप में की गई थी. अब सरकार की नजर सिर्फ घरेलू बिजली बिल पर नहीं, बल्कि कृषि क्षेत्र में भी सौर ऊर्जा के जरिए बड़ी बचत पर है.

केंद्र के बाद बिहार की अपनी सब्सिडी

PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र सरकार 1 किलोवाट के संयंत्र पर 30 हजार रुपये, 2 किलोवाट पर 60 हजार रुपये और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम 78 हजार रुपये की सब्सिडी देती है. अब बिहार सरकार ने इसके ऊपर अपनी अतिरिक्त वित्तीय सहायता का प्रावधान किया है. राज्य सरकार के प्रावधान के मुताबिक 1.1 किलोवाट क्षमता तक 10 हजार रुपये और 3 किलोवाट तक अधिकतम 20 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी. यानी पात्र परिवार को केंद्र और राज्य दोनों की सहायता मिलाकर अधिकतम ₹98 हजार तक का लाभ मिल सकता है.

25 हजार परिवारों से हुई शुरुआत

इसी राज्य सहायता के तहत मंगलवार को 25 हजार लाभार्थियों के खाते में 20 हजार रुये की राशि DBT के माध्यम से भेजी गई. मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत भी की. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना की शुरुआत की गई. सरकार ने प्रत्येक जिले में मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना की जिला स्तरीय समिति गठित करने की भी बात कही है. बिहार सरकार ने इस योजना के लिए कुल 1,000 करोड़ रुपये की प्रशासनिक एवं व्यय स्वीकृति दी है. ऊर्जा विभाग के 14 अगस्त 2026 के संकल्प में PM सूर्य घर योजना के तहत केंद्रांश के अतिरिक्त राज्य वित्तीय सहायता का प्रावधान दर्ज है.

सम्राट बोले- अब कृषि में होगी बड़ी बचत

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में सोलर पैनल लगाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार लगातार हर घर की छत पर सोलर पैनल लगाने की बात कहते रहे हैं और अब उसी दिशा में बिहार आगे बढ़ रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले वर्षों में राज्य में बिजली की उपलब्धता को और बढ़ाने का लक्ष्य है. उन्होंने सौर ऊर्जा को सिर्फ बिजली बचाने तक सीमित नहीं रखने की बात कही. उनके मुताबिक अगला बड़ा लक्ष्य कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा के इस्तेमाल के जरिए बिजली खर्च में बड़ी बचत करना है. सम्राट चौधरी ने कहा कि अगले डेढ़ से दो साल में कृषि क्षेत्र से करीब 5 हजार करोड़ रुपये की बचत की दिशा में काम किया जाएगा. यह मुख्यमंत्री का घोषित लक्ष्य है.

25 लाख घरों तक पहुंचाने का लक्ष्य

बता दें कि बिहार सरकार पहले ही PM सूर्य घर योजना के तहत बड़े स्तर पर सोलराइजेशन की योजना घोषित कर चुकी है. जून 2026 में मुख्यमंत्री ने 2.5 लाख कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की परियोजना की शुरुआत की थी और 20 नवंबर तक स्थापना का लक्ष्य दिया था. सरकार के एक आधिकारिक बयान के मुताबिक 2027 तक 25 लाख घरों पर सोलर रूफटॉप लगाने का लक्ष्य भी रखा गया है.

विजय चौधरी बोले- नीतीश का सपना आगे बढ़ रहा

डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा कि सौर ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देना आज के समय की बड़ी जरूरत है. उन्होंने कहा कि केंद्र और बिहार सरकार मिलकर इस दिशा में काम कर रहे हैं. विजय चौधरी ने नीतीश कुमार के कार्यकाल में बिजली और ऊर्जा क्षेत्र में किए गए कामों का उल्लेख करते हुए कहा कि हर घर की छत पर सोलर पैनल लगाने का सपना अब सम्राट चौधरी आगे बढ़ा रहे हैं.

वहीं, डिप्टी सीएम विजेंद्र यादव ने भी कहा कि 2005 में मुख्यमंत्री बनने के बाद नीतीश कुमार ने बिजली और हरियाली समेत कई क्षेत्रों पर काम शुरू किया था. उनके मुताबिक सौर ऊर्जा को बढ़ावा देना उसी दिशा में आगे बढ़ता कदम है. ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल ने कहा कि सोलर पैनल लगने से लोगों का बिजली बिल कम होगा. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने हर घर बिजली पहुंचाने का काम किया और अब सौर ऊर्जा के जरिए उस व्यवस्था को आगे बढ़ाया जा रहा है.



Source link