अयोध्या पहुंचने के बाद अब कहां रहेंगे राम मंदिर के नए CEO जितेंद्र मिश्रा? ऑफिस को लेकर जानें पूरा अपडेट

अयोध्या पहुंचने के बाद अब कहां रहेंगे राम मंदिर के नए CEO जितेंद्र मिश्रा? ऑफिस को लेकर जानें पूरा अपडेट


Last Updated:

Ayodhya News: अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के नए सीईओ जितेंद्र मिश्रा अब अपना पदभार संभालने के लिए अयोध्या नगरी में पहुंच चुके हैं. वहीं अब इस बात की चर्चा तेजी से चल रही है कि मंदिर के नए सीईओ अयोध्या में कहां रहेंगे. आइए आपको इस बारे में सारी जानकारी देते हैं.

अयोध्या: राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर की व्यवस्थाओं, दान की गणना और प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में कई बड़े बदलाव किए हैं. इसी क्रम में ट्रस्ट की ओर से पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर का मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है. अब जितेंद्र मिश्रा ने राम मंदिर परिसर में पूर्ण रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया है. ऐसे में आप सब भी जानना चाहते होंगे कि दिल्ली के रहने वाले राम मंदिर के नए CEO जितेंद्र मिश्रा अयोध्या में कहां रहेंगे. उनके रहने की कहां व्‍यवस्‍था की गई हैं और उनका ऑफिस कहां बनाया गया है.

दरअसल राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से नियुक्त किए गए पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा अब राम मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे. उनके लिए अयोध्या में ही आवास और कार्यालय की व्यवस्था की गई है. राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े एक पदाधिकारी ने बताया कि जितेंद्र मिश्रा का आवास राम मंदिर से करीब 300 मीटर की दूरी पर स्थित तीर्थ क्षेत्र भवन में बनाया गया है.

तीर्थ क्षेत्र भवन में रहेगा आवास
राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से निर्मित तीर्थ क्षेत्र भवन में ट्रस्ट के सदस्यों के साथ ही राम मंदिर से जुड़े कई कर्मचारी और अन्य अधिकारी रात्रि विश्राम करते हैं. अब इसी भवन में राम मंदिर के नए CEO जितेंद्र मिश्रा के रहने की व्यवस्था भी की गई है. सुरक्षा के लिहाज से भवन में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहती है. इसके अलावा राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से निजी सुरक्षा गार्ड भी यहां तैनात किए गए हैं. इस तरह अब अयोध्या में राम मंदिर के नए CEO का आवास राम मंदिर के बेहद करीब रहेगा. इससे उन्हें मंदिर परिसर और उससे जुड़ी व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए आसानी से पहुंच उपलब्ध होगी.

यात्री सुविधा केंद्र में बना CEO का ऑफिस
वहीं जितेंद्र मिश्रा के कार्यालय की व्यवस्था भी राम मंदिर परिसर में ही की गई है. उनका ऑफिस राम मंदिर के यात्री सुविधा केंद्र यानी सीएफसी में बनाया गया है. इसी यात्री सुविधा केंद्र में राम मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टियों की बैठक भी होती है. पीएफसी के एक कमरे को राम मंदिर के नए CEO के कार्यालय के तौर पर तैयार किया गया है. इस कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था के तहत 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाती है. यानी कार्यालय में आने-जाने वाले लोगों पर लगातार तीसरी आंख की नजर रहेगी.

दान गणना स्थल की भी होगी मॉनिटरिंग
राम मंदिर के नए CEO जितेंद्र मिश्रा इसी कार्यालय से मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्थाओं के साथ ही दान और चढ़ावे की गणना से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी निगरानी करेंगे. चढ़ावा चोरी मामले के बाद दान की गणना और उसकी सुरक्षा को लेकर ट्रस्ट ने विशेष इंतजाम किए हैं. ऐसे में CEO की भूमिका मंदिर की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधाओं, कर्मचारियों, वित्तीय व्यवस्था, खरीद और सुरक्षा सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों की निगरानी में अहम होगी.

बताते चलें कि पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं. उन्होंने अब अयोध्या पहुंचकर राम मंदिर परिसर में पूर्ण रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया है. अब उनका आवास और कार्यालय दोनों ही राम मंदिर के बेहद करीब होने से मंदिर की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी और संचालन में उनकी सीधी भूमिका रहेगी.



Source link