Success Story: पाली की नंदनी ने रचा इतिहास, 80 मॉडल्स को पछाड़ बनीं ‘मिस इंडिया ग्लैम आइकन 2026’

Success Story: पाली की नंदनी ने रचा इतिहास, 80 मॉडल्स को पछाड़ बनीं ‘मिस इंडिया ग्लैम आइकन 2026’


पाली. कहते हैं कि अगर सपनों में जान हो और इरादों में मजबूती, तो छोटे शहर की गलियों से निकलकर भी देश के सबसे बड़े मंच पर अपनी धाक जमाई जा सकती है. राजस्थान के पाली की बेटी नंदनी ताराचंद परिहार ने इस बात को सच कर दिखाया है. मिस एंड मिसेज इंडिया ग्रांड फिनाले 2026′ में नंदनी ने अपनी खूबसूरती, आत्मविश्वास और तीक्ष्ण बुद्धिमत्ता का जलवा बिखेरते हुए ‘मिस इंडिया ग्लैम आइकन 2026’ का राष्ट्रीय खिताब अपने नाम कर चुकी है. इस शानदार जीत के साथ उन्हें एक ब्रांड न्यू कार भी मिली है.

राजस्थान के पाली जिले के सुमेरपुर शहर की होनहार बेटी नन्दिनी ताराचंद परिहार आज मॉडलिंग की दुनिया में एक जाना-माना नाम बन चुकी है. एक छोटे से शहर से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की मॉडल बनने तक का उनका यह सफर हर उस बेटी के लिए एक मिसाल है, जो खुली आंखों से सपने देखने की हिम्मत रखती है. नन्दिनी की इस शानदार सक्सेस स्टोरी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट वह ऐतिहासिक दिन था, जब उन्होंने ‘मिस इंडिया ग्लैम आइकन 2026’ का ताज अपने नाम किया था.

80 मॉडल्स को पछाड़कर रचा था इतिहास

जयपुर के प्रतिष्ठित अनंता रिजॉर्ट एंड स्पा में देश के सबसे बड़े नेशनल लेवल ब्यूटी पेजेंट ‘मिस एंड मिसेज इंडिया ग्लैम सीजन 7’ का भव्य आयोजन हुआ था. इस कड़े मुकाबले में देशभर से आईं मिस व मिसेज कैटेगरी की 80 बेहतरीन मॉडल्स ने हिस्सा लिया था. लेकिन नन्दिनी ने अपने बेजोड़ टैलेंट, आत्मविश्वास और प्रतिभा के बल पर उन सभी को पीछे छोड़ते हुए ‘मिस इंडिया ग्लैम आइकन 2026’ का खिताब जीता और पूरे देश में राजस्थान एवं पाली जिले का नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज करा दिया.

इनाम में जीती चमचमाती कार और मिला राष्ट्रीय सम्मान

विजेता बनने का वह पल नन्दिनी के लिए बेहद खास था. मिस एंड मिसेज इंडिया ग्लैम के आयोजक पवन टांक और अनंता के चेयरमैन रविंद्र प्रताप सिंह ने मंच पर नन्दिनी को खिताबी क्राउन और शेष पहनाकर सम्मानित किया था. इस जीत को और भी शानदार बनाते हुए उन्हें उपहार स्वरूप एक चमचमाती नई कार से नवाजा गया. इस जीत के साथ ही नन्दिनी ने एक सफल मॉडल के रूप में देशभर में अपनी एक अलग पहचान स्थापित कर ली.

पूरे राजस्थान में दौड़ गई थी खुशी की लहर

सुमेरपुर की बेटी की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर पूरे राजस्थान में खुशी की लहर दौड़ पड़ी थी. बधाइयों का तांता लग गया था. राजस्थान सरकार के कैबिनेट मंत्री और सुमेरपुर विधायक जोरा राम कुमावत ने भी उस समय नन्दिनी की इस बड़ी उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा था कि, “यह हमारे पूरे राजस्थान के लिए गर्व का पल है.”

माता पिता के अलावा पूरे सुमेरपुर को बेटी पर गर्व

नन्दिनी की इस सफलता के पीछे उनके परिवार का अटूट विश्वास रहा है. अपनी बेटी के देश के सबसे बड़े ब्यूटी पेजेंट की विजेता बनने पर उनकी माँ हंसा परिहार ने गर्व से कहा था, “नन्दिनी ने इस खिताब को जीतकर साबित किया है कि बेटियों को बस मौका मिलने की देरी है और वे अपने आप को किसी भी मंच पर साबित कर सकती हैं. मेरी होनहार बेटी का यह देशव्यापी सम्मान हमारे पूरे सुमेरपुर के लिए गर्व की बात है.

माता-पिता को दिया जीत का श्रेय

इस बड़ी बुलंदी को हासिल करने के बाद नन्दिनी परिहार ने मिस एंड मिसेज इंडिया ग्लैम के डायरेक्टर पवन टांक का आभार जताया था. उन्होंने अपनी इस ऐतिहासिक जीत का पूरा श्रेय अपने पिता ताराचंद परिहार और माता हंसा परिहार को दिया, जिन्होंने संघर्ष के हर कदम पर अपनी बेटी का साथ निभाया.



Source link