Last Updated:
Korean Makeup Craze: दिल्ली-NCR में भारी मेकअप की जगह कोरियन मेकअप की मांग तेजी से बढ़ी है. महिलाएं अब नेचुरल, ग्लोइंग और फ्रेश स्किन लुक ज्यादा पसंद कर रही हैं. यह मेकअप हाइड्रेटेड त्वचा, हल्के ब्लश और नेचुरल आई लुक पर आधारित है. ब्यूटी पार्लरों और सैलून में इसका काफी क्रेज देखा जा रहा है.
नई दिल्लीः दिल्ली एनसीआर में महिलाओं और लड़कियों के सिर पर इन दिनों एक नया मेकअप का खुमार देखने के लिए मिल रहा है. अब लड़कियां और महिलाएं बहुत भारी मेकअप पसंद नहीं कर रही है. यही नहीं न्यूड मेकअप का भी जमाना गुजर चुका है. अब सबसे ज्यादा ट्रेंडिंग और वायरल जो मेकअप है वह है कोरियन मेकअप. कोरियन मेकअप अभी तक सिर्फ सोशल मीडिया तक ही सीमित था लेकिन सोशल मीडिया पर कोरियन आर्टिस्ट के चमकते चेहरे अब भारत की लड़कियों और महिलाओं को इतना ज्यादा लुभा रहे हैं कि वो अब कोरियन मेकअप को ही लगाना पसंद कर रही है. ब्यूटी पार्लर हो या फिर प्रोफेशनल सैलून हर जगह पर कोरियन मेकअप की ही डिमांड देखने के लिए मिल रही है. ऐसे में दिल्ली के चांदनी चौक में स्थित ओमेक्स मॉल में आयोजित ड्यूटी लैंड में आए हुए तमाम ब्यूटी एक्सपर्ट से लोकल 18 ने खास बातचीत की. जिसमें नायका ब्यूटी स्टोर मैनेजर दिव्या ने कोरियन मेकअप की बढ़ती डिमांड के बारे में बताया. उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा अगर कोई मेकअप की डिमांड बीते 2 सालों में बढ़ी है तो वह है कोरियन मेकअप इसके पीछे कई वजह है.
इस तरह किया जाता है कोरियन मेकअप
ब्यूटी एक्सपर्ट दिव्या ने बताया कि कोरियन मेकअप का मतलब ऐसा मेकअप है जिसमें चेहरा बहुत भारी या ज्यादा मैट दिखाने के बजाय नैचुरल, साफ, ग्लोइंग और फ्रेश दिखता है. इसमें त्वचा की चमक, हल्का ब्लश और मुलायम आंखों पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है. उन्होंने बताया कि अब जब भी उनके पास महिलाएं या लड़कियां आती है तो वो कोरियन मेकअप को ही करने के लिए कहती हैं. इसमें 8 से 10 स्टेप होते हैं. उन्होंने बताया कि कोरियन मेकअप हर एक त्वचा के लोग करवा सकते हैं. इसे करने के लिए सबसे पहले चेहरा साफ करके मॉइस्चराइजर लगाएं. दिन में मेकअप कर रही हैं तो सनस्क्रीन जरूर लगाएं. कोरियन मेकअप का सबसे जरूरी हिस्सा अच्छी तरह हाइड्रेटेड त्वचा है. उन्होंने बताया कि
बहुत मोटी फाउंडेशन की परत लगाने के बजाय हल्का फाउंडेशन या टिंटेड बेस लगाएं. जहां दाग-धब्बे ज्यादा हैं, वहां थोड़ा कंसीलर लगाएं.
नाक और गालों पर हल्का ब्लश जरूर लगाएं
ब्यूटी एक्सपर्ट दिव्या ने बताया कि गुलाबी, पीच या कोरल रंग का ब्लश लगाएं. इसे गालों के बीच वाले हिस्से पर हल्का लगाकर ऊपर की तरफ फैलाएं. इसके बाद भौंहों को प्राकृतिक आकार में रखें और हल्के भूरे रंग की पेंसिल या पाउडर से खाली जगह भरें. इसके अलावा हल्के भूरे, गुलाबी या पीच रंग की आईशैडो लगाएं. आंखों की ऊपरी पलकों पर पतली लाइनर लगाएं. बहुत मोटी और तेज विंग बनाने से बचें. उन्होंने बताया कि कोरियन मेकअप में आंखों के नीचे हल्की चमक को सुंदर माना जाता है. हल्के शिमर से निचली पलक के बीच वाले हिस्से को थोड़ा चमका सकती हैं. गुलाबी, पीच या लाल रंग का हल्का टिंट लगाएं. चाहें तो रंग को होंठों के बीच में ज्यादा रखकर बाहर की तरफ हल्का फैलाएं. इससे मुलायम, प्राकृतिक लुक मिलता है.
आखिर में हल्की शाइन का करें इस्तेमाल
ब्यूटी एक्सपर्ट दिव्या ने बताया कि कोरियन मेकअप में आखिरी में बहुत ज्यादा पाउडर लगाने के बजाय चेहरे की प्राकृतिक चमक रहने दें. गालों के ऊपरी हिस्से पर थोड़ा हाइलाइटर लगाया जा सकता है. कोरियन मेकअप का आसान फॉर्मूला है हाइड्रेटेड त्वचा, हल्का बेस, गुलाबी या पीच ब्लश, प्राकृतिक भौंहें, हल्की आंखें, टिंटेड होंठ और कोरियन लुक इसी तरह तैयार होता है.