Last Updated:
झालावाड़ के झालरापाटन-भवानीमंडी मार्ग स्थित कपास्या कुआं इलाके में एक गैस एजेंसी के गोदाम में लगी भयानक आग. सिलेंडर की मरम्मत के दौरान अचानक गैस लीक होने से हुआ धमाका, हादसे में 3 लोग गंभीर रूप से झुलसे. घायलों को इलाज के लिए तुरंत झालावाड़ के जिला एसआरजी अस्पताल ले जाया गया, जहां बर्न वार्ड में उनका इलाज जारी है.
झालावाड़. राजस्थान के जिले झालावाड़ के झालरापाटन-भवानीमंडी मार्ग पर गैस एजेंसी के गोदाम में आग लगने से तीन लोग झुलस गए हैं. घटना सिलेंडर ठीक करते समय अचानक गैस लीक हो गई. इसके बाद गोदाम में आग लग गई, जिससे वहां मौजूद तीन लोग झुलस गए. हादसे के बाद घायलों को तुरंत झालावाड़ के जिला एसआरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां बर्न वार्ड में उनका इलाज जारी है.
मामला झालावाड़ जिले के झालरापाटन-भवानीमंडी मार्ग पर कपास्या कुआं इलाके का है. यहां स्थित एक गैस एजेंसी के गोदाम में रसोई गैस सिलेंडर की मरम्मत के दौरान अचानक गैस लीक हो गई. इसी वजह से आग भड़क उठी.
मरम्मत के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, रलायता गांव निवासी दुर्गालाल भील अपना गैस सिलेंडर ठीक कराने के लिए एजेंसी के गोदाम पहुंचे थे. गोदाम में मौजूद कर्मचारी राजू, जो सदर थाना क्षेत्र के खानपुरिया गांव के रहने वाले हैं, और भरतपुर जिले के बयाना निवासी अवधेश कुमार सिलेंडर की मरम्मत कर रहे थे.
इसी दौरान सिलेंडर से गैस लीक होने के कारण आग लग गई. हादसे में दुर्गालाल भील, राजू और अवधेश कुमार झुलस गए. घटना के तुरंत बाद तीनों को झालावाड़ के जिला एसआरजी चिकित्सालय ले जाया गया. वहां उन्हें बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया है.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची. पुलिस ने घायलों के बयान लेने शुरू कर दिए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, घायलों के बयानों और जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.