अनंत सिंह ले रहे मोर्चा पर नीरज कुमार के समर्थन में जुटने लगे जेडीयू कार्यकर्ता, पार्टी के बड़े नेता के घर पर हुई बैठक, बनाई गई जीत की रणनीति

अनंत सिंह ले रहे मोर्चा पर नीरज कुमार के समर्थन में जुटने लगे जेडीयू कार्यकर्ता, पार्टी के बड़े नेता के घर पर हुई बैठक, बनाई गई जीत की रणनीति


Last Updated:

Neeraj Kumar Vs Anant Singh: पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर जेडीयू में दो धड़े की चर्चा के बीच पार्टी ने संगठनात्मक सक्रियता बढ़ा दी है. एक तरफ अनंत सिंह खुलकर नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ जेडीयू कार्यकर्ता एनडीए उम्मीदवार के समर्थन में जुटने लगे हैं. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

जेडीयू में अनंत सिंह बनाम नीरज कुमार की अदावत और तल्ख (फाइल फोटो)

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में अनंत सिंह के खुलकर नीरज कुमार के विरोध में आने के बाद अब जेडीयू ने संगठन को मैदान में उतार दिया है. पटना में विधायक श्याम रजक के आवास पर फुलवारी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई. बताया जा रहा है कि बैठक में नीरज कुमार के समर्थन में पंचायत से लेकर बूथ स्तर तक संपर्क अभियान चलाने की रणनीति पर चर्चा हुई. श्याम रजक ने कहा कि एनडीए नीरज कुमार के साथ है और पार्टी में कोई मतभेद नहीं है. उन्होंने बताया कि फुलवारी विधानसभा क्षेत्र के साथ पटना, नवादा और नालंदा जिले पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का हिस्सा हैं. फुलवारी के अलग-अलग ब्लॉक, पंचायत और वार्ड में कार्यकर्ताओं की बैठक की जा रही है और कार्यकर्ता पूरी रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे.

अनंत के विरोध के बीच कार्यकर्ताओं की बैठक

बता दें कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र को लेकर जेडीयू में अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच बयानबाजी पहले से चल रही है. अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर विरोध का ऐलान किया है और डॉ. अनुज सिंह के समर्थन की बात कही है. इसी बीच श्याम रजक के आवास पर हुई बैठक में फुलवारी विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं और एनडीए से जुड़े नेताओं ने चुनावी तैयारी पर चर्चा की. जानकारी के मुताबिक, बैठक का फोकस संगठन को सक्रिय करने और मतदाताओं तक पहुंच बनाने पर रहा.

पंचायत और बूथ तक पहुंचने की तैयारी

श्याम रजक ने कहा कि फुलवारी विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग ब्लॉक, पंचायत और वार्ड में कार्यकर्ताओं की बैठकें की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि एनडीए उम्मीदवार नीरज कुमार के समर्थन में कार्यकर्ता रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे. कार्यकर्ताओं से मतदाताओं के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों और नीरज कुमार के कामकाज की जानकारी देने को कहा गया. उन्होने बूथ और पंचायत स्तर पर संपर्क बढ़ाने पर भी जोर दिया गया.

‘हजारों हथौड़े भी गठबंधन को नुकसान नहीं पहुंचा सकते’

बैठक के दौरान श्याम रजक ने एनडीए की एकजुटता का दावा किया. उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में गठबंधन मजबूत है और हजारों हथौड़े भी गठबंधन को नुकसान नहीं पहुंचा सकते. दरअसल, श्याम रजक का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अनंत सिंह ने सार्वजनिक तौर पर नीरज कुमार के खिलाफ अपना रुख साफ किया है. जबकि, पार्टी के वरिष्ठ नेता ललन सिंह भी इस विवाद के बीच जेडीयू में किसी मतभेद से इनकार कर चुके हैं.

नीरज बोले- चुनाव का दारोमदार कार्यकर्ताओं पर

इससे पहले नीरज कुमार ने कहा कि फुलवारी विधानसभा और पुनपुन क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई है. उन्होंने स्नातक चुनाव को बौद्धिक जनादेश वाला चुनाव बताया. उनके मुताबिक एनडीए के घटक दलों के कार्यकर्ता मतदाताओं के बीच जाकर अपनी उपलब्धियों की जानकारी देंगे. नीरज कुमार ने यह भी कहा कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र बड़ा है और ऐसे में चुनाव की पूरी जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं पर है. उन्होंने कहा कि वह अपने काम के आधार पर मतदाताओं के बीच जाएंगे.



Source link