PRD जवानों के लिए खुला योगी का खजाना, अब हर दिन मिलेंगे 600 रुपये, परिवार के लिए दी ये बड़ी सौगात

PRD जवानों के लिए खुला योगी का खजाना, अब हर दिन मिलेंगे 600 रुपये, परिवार के लिए दी ये बड़ी सौगात


Last Updated:

UP Good News : यूपी में योगी सरकार लगातार एक के बाद एक सौगात दे रहे हैं. अब पीआरडी जवानों का दैनिक भत्ता भी बढ़ाने का फैसला ले लिया गया है. साथ ही उन्हें कैशलेस इलाज की भी सुविधा दी जाएगा. आइए जानते हैं सबकुछ.

Zoom

सीएम योगी का पीआरडी जवानों को तोहफा.

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में प्रांतीय रक्षक दल (PRD) के जवानों के लिए योगी सरकार ने बड़ी सौगात दी है. अब पीआरडी जवानों को 500 रुपये की जगह 600 रुपये दैनिक भत्ता मिलेगा. इसके साथ ही जवानों और उनके परिवार को हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा भी दी जाएगी. सरकार की ओर से इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है और नई व्यवस्था आदेश जारी होने की तारीख से लागू हो गई है.

अगले महीने से बढ़े हुए भत्ते का मिलेगा फायदा
युवा कल्याण विभाग के विशेष सचिव कुमार विनीत की ओर से जारी आदेश के मुताबिक पीआरडी जवानों के दैनिक भत्ते में 100 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. यानी अब ड्यूटी करने वाले जवानों को प्रतिदिन 600 रुपये मिलेंगे. अगले महीने से जवानों को बढ़े हुए दैनिक भत्ते के हिसाब से भुगतान किया जाएगा. सरकार ने कुछ समय पहले ही दैनिक भत्ता बढ़ाकर 600 रुपये करने की घोषणा की थी. कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद अब इसका शासनादेश भी जारी कर दिया गया है.

परिवार को भी मिलेगा 5 लाख तक कैशलेस इलाज
पीआरडी जवानों के लिए सिर्फ भत्ता ही नहीं बढ़ाया गया है, बल्कि स्वास्थ्य सुविधा के मोर्चे पर भी बड़ा फैसला हुआ है. अब हर पीआरडी जवान और उसके परिवार को सालाना 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी. इसके लिए सरकार पीआरडी जवानों का बीमा कराएगी. इस बीमा के तहत जवान और उनके परिवार के सदस्य सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ साचीज (SHAJIES) से संबद्ध निजी अस्पतालों में भी इलाज करा सकेंगे. हर पीआरडी कर्मी के बीमा के लिए 3,000 रुपये सालाना प्रीमियम सरकार खुद वहन करेगी.

31 हजार से ज्यादा जवानों को मिलेगा सीधा लाभ
उत्तर प्रदेश में पीआरडी के कुल 87,255 पद हैं. सभी पद भरने की स्थिति में सरकार को बीमा प्रीमियम के तौर पर करीब 26.17 करोड़ रुपये खर्च करने होंगे. फिलहाल प्रदेश में 31,130 पीआरडी जवान कार्यरत हैं. इनके बीमा प्रीमियम के लिए सरकार ने करीब 9.34 करोड़ रुपये जारी किए हैं.

पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर करते हैं ड्यूटी
प्रांतीय रक्षक दल की स्थापना 11 दिसंबर 1948 को द यूनाइटेड प्रोविन्सेस रक्षक दल एक्ट-1948 के तहत की गई थी. इसका उद्देश्य पुलिस-प्रशासन के सहयोग से समाज में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद करना था. पीआरडी जवानों की ड्यूटी थानों, पुलिस लाइन, यातायात व्यवस्था, सचिवालय, न्यायालय, डीएम कार्यालय और दूसरे महत्वपूर्ण सरकारी भवनों में लगाई जाती है. इसके अलावा चुनाव, धार्मिक आयोजन, बड़े मेले, त्योहार और अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भी ये जवान सुरक्षा और व्यवस्था संभालते हैं. प्राकृतिक आपदा के समय भी पीआरडी जवान राहत और बचाव कार्यों में प्रशासन का सहयोग करते हैं. ऐसे में दैनिक भत्ते में बढ़ोतरी और परिवार के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा को जवानों के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है.



Source link