Last Updated:
Haridwar News: हरिद्वार के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार रानीपुर मोड़ पर मामूली बात को लेकर बड़ा हंगामा खड़ा हो गया. महाकाली मोबाइल शॉप के बाहर दोपहिया वाहन खड़ा करने के विवाद में एक युवक ने अचानक तमंचा निकाल लिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की, हालांकि पुलिस ने फायरिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. ज्वालापुर कोतवाली पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
हरिद्वार: हरिद्वार के प्रमुख और बेहद व्यस्त चौराहे रानीपुर मोड़ पर शनिवार को उस वक्त दहशत का माहौल बन गया, जब बाइक खड़ी करने के विवाद में एक युवक ने खुलेआम तमंचा निकाल लिया. इस अप्रत्याशित घटना से बाजार में मौजूद व्यापारियों और राहगीरों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह पूरी घटना रानीपुर मोड़ स्थित महाकाली मोबाइल शॉप के बाहर हुई. वहां दोपहिया वाहन खड़ा करने को लेकर कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने तैश में आकर अपनी कमर से अवैध तमंचा निकाल लिया और लहराने लगा. भीड़भाड़ वाले बाजार में हथियार देखकर लोग सहम गए.
हवाई फायरिंग का दावा, पुलिस जांच में जुटी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने हवाई फायरिंग भी की, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस ने फायरिंग की घटना से इनकार किया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान युवक के पास से तमंचा जरूर बरामद हुआ है, जिसे उसने झगड़े के दौरान निकाला था, लेकिन गोली चलने की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है.
साहसी लोगों ने आरोपी को दबोचा
तमंचा लहराते देख आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने हिम्मत दिखाई और घेराबंदी कर आरोपी युवक को मौके पर ही दबोच लिया. सूचना मिलते ही ज्वालापुर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया. पुलिस आरोपी से तमंचे के स्रोत और विवाद के अन्य पहलुओं को लेकर गहन पूछताछ कर रही है.