स्पीड पोस्ट करने के लिए अब नहीं लगेगी लाइन, मुजफ्फरपुर के प्रधान डाकघर में लगी खास मशीन

स्पीड पोस्ट करने के लिए अब नहीं लगेगी लाइन, मुजफ्फरपुर के प्रधान डाकघर में लगी खास मशीन


Last Updated:

सरकारी ऑफिस और संस्थानों में जाने के नाम पर लोगों का पसीना छूटने लगता है. कई सरकारी विभागों में इतना ढीला और लापरवाही भरा काम रहता है कि लोग इधर-उधर भटकते रहते हैं. ऐसा लगता है कि जैसे इन विभागों का काम ही लोगों को दौड़ाना और बार-बार चक्कर कटवाना है. इससे लोगों की भीड़ भी बढ़ती जाती है और समय भी बर्बाद होता है. डाकघर भी इनमें से एक है जहां कई बार लोगों को लंबी लाइनों में घंटों खड़े रहना पड़ता है. हालांकि, अब कुछ काम के लिए आधुनिक मशीनें इस्तेमाल होने लगी हैं. इससे लोग स्पीड पोस्ट जैसे काम काम खुद से कर सकेंगे.

ख़बरें फटाफट

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर के प्रधान डाकघर में स्पीड पोस्ट भेजने वाले लोगों के लिए नई डिजिटल सुविधा शुरू की गई है. अब ग्राहकों को स्पीड पोस्ट की बुकिंग के लिए लंबे समय तक काउंटर की लाइन में खड़े रहने की जरूरत नहीं होगी. प्रधान डाकघर में सेल्फ बुकिंग मशीन की सुविधा शुरू की गई है. इसके जरिए ग्राहक खुद ही स्पीड पोस्ट की बुकिंग कर सकेंगे और ऑनलाइन भुगतान भी कर सकेंगे. प्रधान डाकघर के प्रवर डाकपाल नटवरलाल ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया सेल्फ सर्विस पर आधारित है. इसमें ग्राहक को डाक कर्मचारी की सहायता के बिना खुद अपना आर्टिकल बुक करने की सुविधा मिलती है. मशीन में अलग-अलग भाषाओं में विकल्प दिए गए हैं, जिससे ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.

ऐसे करें स्पीड पोस्ट की बुकिंग
मशीन से स्पीड पोस्ट बुक करने के लिए सबसे पहले स्क्रीन पर दिए गए संबंधित विकल्प को चुनना होगा. इसके बाद भेजने वाले और जिस व्यक्ति या स्थान पर पार्सल भेजना है, उसका पूरा पता दर्ज करना होगा. जानकारी भरने के बाद मशीन से एक बारकोड जनरेट होगा. इस बारकोड को स्पीड पोस्ट आर्टिकल पर चिपकाना होगा.

इसके बाद पार्सल को मशीन में लगी वेट मशीन पर रखना होगा. वजन के आधार पर स्पीड पोस्ट का शुल्क स्क्रीन पर दिखाई देगा. ग्राहक ऑनलाइन माध्यम से शुल्क का भुगतान कर सकेगा. भुगतान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मशीन से रसीद जनरेट होगी. इसके साथ ही स्पीड पोस्ट की बुकिंग की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.

प्रवर डाकपाल नटवरलाल ने बताया कि पूरी प्रक्रिया में सामान्य तौर पर अधिकतम एक मिनट का समय लग सकता है. उन्होंने कहा कि जिस तरह लोग मोबाइल फोन आसानी से ऑपरेट करते हैं, उसी तरह मशीन के विकल्पों को समझकर इसका इस्तेमाल किया जा सकता है. पहली बार इस्तेमाल करने वालों को थोड़ा समय लग सकता है.

उन्होंने बताया कि प्रधान डाकघर में फिलहाल तीन काउंटर भी संचालित हो रहे हैं. सेल्फ बुकिंग मशीन का अधिक इस्तेमाल होने से काउंटर पर आने वाले ग्राहकों की संख्या कम होगी और लोगों को अपनी सुविधा के अनुसार तुरंत स्पीड पोस्ट बुक करने का विकल्प मिलेगा.

नई सुविधा होने के कारण डाक विभाग के कर्मचारी ग्राहकों को मशीन के इस्तेमाल की जानकारी भी दे रहे हैं. तकनीकी विशेषज्ञ और कर्मचारी लोगों को मशीन पर जाकर बुकिंग करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं. किसी तरह की परेशानी होने पर कर्मचारी सहायता भी उपलब्ध करा रहे हैं.



Source link