Last Updated:
Bihar Aaj Ka Mausam: बिहार में मानसून कमजोर पड़ रहा है. मौसम विभाग ने आज बक्सर और पूर्णिया समेत 13 जिलों में बारिश, आंधी और ठनका का यलो अलर्ट जारी किया है. शेष 25 जिलों में मौसम सामान्य रहेगा. पटना में भारी बारिश की चेतावनी नहीं है, लेकिन वहां तेज धूप और उमस परेशान करेगी.
बिहार वेदर अपडेट(सांकेतिक फोटो)
पटना: बिहार में मानसून अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगा है. राज्य के ज्यादातर जिलों में बारिश की गतिविधियां थम सी गई हैं. हालांकि, मौसम विज्ञान केंद्र ने आज शनिवार को बिहार के 13 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में मेघगर्जन के साथ तेज बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग ने सतर्क किया है कि बारिश के दौरान 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. इसके साथ ही आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने की भी आशंका जताई गई है.
इन 13 जिलों में येलो
अलर्ट जारी विभाग की ओर से जारी चेतावनी के अनुसार राज्य के दक्षिण-पश्चिम और उत्तर-पूर्व के 13 जिलों में मौसम बदल सकता है. अलर्ट वाले जिलों की सूची निम्नलिखित है:
- दक्षिण-पश्चिम बिहार: बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, अरवल और औरंगाबाद.
- उत्तर-पूर्व बिहार: सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार.
मौसम विभाग ने इन जिलों के लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे न जाने की सलाह दी है. वहीं, राज्य के शेष 25 जिलों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. वहां मौसम सामान्य बना रहेगा.
पिछले 24 घंटों में बारिश का हाल
- बीते 24 घंटों के दौरान आरा, सहरसा और खगड़िया में तेज बारिश दर्ज की गई. खगड़िया से एक दुखद खबर भी सामने आई है. यहां आकाशीय बिजली गिरने से एक नाबालिग की जान चली गई.
अगर आंकड़ों पर नजर डालें तो पिछले 24 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश किशनगंज में 134 मिमी दर्ज की गई. इसके अलावा अन्य जिलों में बारिश की स्थिति इस प्रकार रही:
- मधुबनी: 46 मिमी
- अररिया: 30 मिमी
- रोहतास: 28 मिमी
- पूर्णिया: 12 मिमी
पटना में बारिश से ज्यादा उमस का सितम
- राजधानी पटना में आज बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी या बिजली चमकने की आशंका है. हालांकि, पटना के लिए मौसम विभाग ने कोई भारी चेतावनी जारी नहीं की है.
- आज पटना का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. बीते 17 सितंबर को पटना में 10.9 मिमी बारिश हुई थी. इसके बाद से ही नमी का स्तर काफी अधिक बना हुआ है. सुबह के समय आर्द्रता 88 प्रतिशत और शाम को 76 प्रतिशत दर्ज की गई. धूप निकलने के बाद तापमान बढ़ने से पटनावासियों को भारी उमस और चिपचिपी गर्मी झेलनी पड़ सकती है.
तापमान का हाल
रोहतास रहा सबसे गर्म राज्य में धूप और बादलों की लुका-छिपी के बीच कई जिलों में पारा चढ़ा हुआ है. बीते दिन रोहतास में सबसे ज्यादा 35.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. प्रमुख जिलों का तापमान इस प्रकार रहा:
- रोहतास: 35.6°C
- नालंदा और सीवान: 35.4°C
- पटना और दरभंगा: 35.0°C
- अरवल: 34.8°C
- गयाजी: 34.4°C
कम हुई बारिश की भरपाई अब संभव नहीं
- मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून सीजन अब अपने आखिरी दौर में प्रवेश कर चुका है. ऐसे में बिहार में अब तक हुई बारिश की कमी को पूरा करना लगभग असंभव है. मानसून की चाल इस बार काफी असमान रही है.
- विशेषज्ञों के मुताबिक बिहार में बारिश का पैटर्न हमेशा एक समान नहीं रहता. एक ही समय में एक जिला भारी बारिश से भीगता है, जबकि पड़ोसी जिला पूरी तरह सूखा रह जाता है. केवल एक-दो दिनों की तेज बारिश से पूरे राज्य का जल स्तर या बारिश का कोटा पूरा नहीं होता. खेती-किसानी के लिए बारिश का समय पर और पूरे राज्य में समान रूप से होना ज्यादा जरूरी होता है.
22 सितंबर तक मौसम का पूर्वानुमान
- मौसम विभाग के अनुसार 20, 21 और 22 सितंबर को बिहार में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है. इन तीन दिनों के लिए पूरे राज्य में कोई बड़ी चेतावनी जारी नहीं की गई है. ज्यादातर जिलों में मौसम शांत रहेगा. हालांकि, कुछ इलाकों में स्थानीय स्तर पर हल्के बादल बन सकते हैं और हल्की बारिश हो सकती है.