Last Updated:
मराठी थ्रिलर फिल्म ‘गोंधल’ ऑस्कर 2027 के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री है. फिल्म पिछले साल नवंबर में रिलीज हुई थी. फिल्म को मराठी दर्शकों ने काफी सराहा था और अब ये भारत की तरफ से एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए ऑफिशियल एंट्री बन गई है. लेकिन ये फिल्म अभी तक किसी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं है.
‘गोंधल’ ऑस्कर के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री है.
नई दिल्ली. मराठी थ्रिलर फिल्म ‘गोंधल’ ऑस्कर 2027 के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री है. फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (FFI) ने बीते शुक्रवार, 18 सितंबर को इस फिल्म को लेकर बड़ा ऐलान किया. संतोष दवाखर के निर्देशन में बनी फिल्म 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री होगी. इस मराठी फिल्म ने 33 फिल्मों को पछाड़ते हुए ऑस्कर अवॉर्ड्स में अपनी खास जगह बनाई. एकेडमी अवॉर्ड्स की ऑफिशियल एंट्री बनने के बाद फिल्म ने दर्शकों की बीच खूब सुर्खियां बटोरी.
अब हर कोई ये जानना चाहता है कि वो इस फिल्म को कहां देख सकते हैं. दर्शक ये जानने के लिए उत्सुक हैं कि क्या ‘गोंधल’ किसी ओटीटी पर उपलब्ध है. तो बता दें कि अभी तक ये फिल्म किसी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर नहीं है. इसका मतलब यह है कि फिल्म को अभी ऑनलाइन रिलीज किया जाना बाकी है.
कहां देख सकते हैं ‘गोंधल’?
मराठी फिल्म ‘गोंधल’ नवंबर 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. फिल्म ‘गोंधल’ को दर्शकों से काफी सराहना मिली थी. हालांकि, सिनेमाघरों में रिलीज होने के बावजूद फिल्म को ओटीटी पर रिलीज नहीं किया गया. अभी तक ये फिल्म किसी बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज नहीं हुई है. न फिल्म ओटीटी पर स्ट्रीम हुई है और न ही इसे ऑनलाइन रेंट या खरीदने के लिए उपलब्ध कराया गया है.
दिलचस्प है ‘गोंधल’ की कहानी
मराठी भाषा में लोकप्रिय रही फिल्म ‘गोंधल’ ऑस्कर के लिए भारत की ऑफिशियल एंट्री बनने के बाद सुर्खियों में छा गई है. ग्रामीण महाराष्ट्र के बैकग्राउंड पर बनी इस फिल्म की कहानी सुमन के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार इशिता देशमुख ने निभाया है. उसकी शादी आनंद (योगेश सोहोनी) से हुई है, लेकिन उसका वैवाहिक जीवन बिल्कुल भी खुशहाल नहीं है.
सुमन अपने पति के साथ खुश नहीं है. वो मुरली (अनुज प्रभु) से प्यार करती है, जो एक गोंधली कलाकार है. वह अपनी इस शादी से बाहर निकलना चाहती है और अंत में एक खतरनाक प्लान बनाती है. सुमन अपने पति का मर्डर प्लान करती है और फिर कहानी में मजेदार ट्विस्ट आता है.