‘किल’ में राघव जुयाल को देख जब मुरीद हुए नानी, विलेन के लिए कास्ट करने की बताई वजह, ‘द पैराडाइज’ में होगी भिड़ंत

‘किल’ में राघव जुयाल को देख जब मुरीद हुए नानी, विलेन के लिए कास्ट करने की बताई वजह, ‘द पैराडाइज’ में होगी भिड़ंत


नई दिल्ली. तेलुगु सिनेमा के नेचुरल स्टार नानी इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘द पैराडाइज’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. खास बात है कि इसमें राघव जुयाल विलेन के किरदार में नजर आएंगे. अब नानी ने खुलासा किया कि ‘द पैराडाइज’ में साथ काम करने से पहले ही वह राघव जुयाल की अदाकारी के कायल थे. उन्होंने बताया कि फिल्म ‘किल’ में राघव की परफॉर्मेंस ने उन पर इतनी गहरी छाप छोड़ी थी कि उन्होंने अपने दोस्तों और करीबियों से राघव के शानदार काम का जिक्र किया था.

बॉलीवुड हंगामा के अनुसार, नानी ने याद करते हुए कहा कि उन्हें ‘किल’ में राघव का काम इतना पसंद आया था कि उस वक्त उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि आगे चलकर वे दोनों ‘द पैराडाइज’ में स्क्रीन शेयर करेंगे. नानी ने कहा, ‘मुझे अच्छी तरह मालूम है कि ‘किल’ की कामयाबी में राघव का कितना बड़ा रोल था. हम सब आज ‘किल’ की बात क्यों करते हैं और उस फिल्म को हिट बनाने में राघव जुयाल का कितना बड़ा योगदान रहा है, यह बात मैं बहुत अच्छी तरह समझता हूं.’

पहले से ही राघव जुयाल के फैन बन गए थे नानी

नानी ने खुलासा किया कि फिल्म ‘द पैराडाइज’ की शूटिंग शुरू होने से बहुत पहले से ही वह राघव जुयाल के फैन थे. एक्शन-थ्रिलर ‘किल’ में राघव जुयाल के खतरनाक विलेन वाले रोल ने नानी पर इतनी गहरी छाप छोड़ी थी कि वह अपने दोस्तों और करीबियों से अक्सर उनकी एक्टिंग की तारीफ करते नहीं थकते थे. ‘द पैराडाइज’ के डायरेक्टर श्रीकांत ओडेला ने जब इस फिल्म की कहानी नानी को सुनाई और इसके विलेन के बारे में बताया तो उन्होंने खुद राघव जुयाल का नाम लिया. डायरेक्टर ने कहा कि इस रोल के लिए ‘किल’ का विलेन एकदम परफेक्ट रहेगा. श्रीकांत के मुंह से राघव का नाम सुनते ही नानी तुरंत राजी हो गए.

राघव जुयाल ने दूर कर दिया नानी का शक

हालांकि, राघव जुयाल के नाम से नानी जितने एक्साइटेड थे, उनके मन में एक छोटा सा संशय भी था. चूंकि ‘द पैराडाइज’ से राघव अपना तेलुगु डेब्यू कर रहे हैं, इसलिए नानी को चिंता थी कि भाषा बदलने पर क्या राघव अपनी वही सहजता और बारिकियां दिखा पाएंगे, जो उन्होंने ‘किल’ में दिखाई थीं? नानी को राघव की एक्टिंग स्किल पर तो पूरा भरोसा था, बस वह यह देखना चाहते थे कि राघव तेलुगु भाषा के माहौल में खुद को कैसे ढालते हैं. लेकिन शूटिंग शुरू होते ही नानी के सारे शक दूर हो गए.

राघव जुयाल ने अपने किरदार पर किया काम

नानी ने बताया कि राघव ने सिर्फ तेलुगु डायलॉग्स रटने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि उन्होंने अपने किरदार की बारीकियों पर काम किया और सीन में वो जान फूंकी, जिसकी नानी ने उम्मीद भी नहीं की थी. उन्होंने कहा, ‘शूटिंग के पहले ही दिन से जब मैं उनसे मिला, उन्होंने अपने किरदार को एक अलग ही स्तर पर पहुंचा दिया. हिंदी सिनेमा में उन्होंने जो काम किया था, उससे भी कहीं ज्यादा और बेहतरीन काम उन्होंने तेलुगु में करके दिखाया है.’

इस दिन रिलीज होगी ‘द पैराडाइज’

बताते चलें कि फिल्म ‘द पैराडाइज’ से राघव जुयाल तेलुगु सिनेमा में ग्रैंड डेब्यू करने जा रहे हैं. इस फिल्म में खलनायक की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि नानी लीड रोल निभा रहे हैं. फिल्म का निर्देशन श्रीकांत ओडेला कर रहे हैं, जो इससे पहले जूनियर एनटीआर के साथ ‘देवरा’ जैसी हिट मूवी बना चुके हैं. सुपरहिट फिल्म ‘दसरा’ की सफलता के बाद नानी और निर्देशक श्रीकांत ओडेला की यह एक साथ दूसरी फिल्म है. पैन-इंडिया मूवी ‘द पैराडाइज’ 24 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है.



Source link