अब बिना प्याज-लहसुन का खाना नहीं लगेगा फीका! करी पत्ता और मूंगफली से बनाएं चौमासा स्पेशल मसाला, रेसिपी भी है बहुत आसान

अब बिना प्याज-लहसुन का खाना नहीं लगेगा फीका! करी पत्ता और मूंगफली से बनाएं चौमासा स्पेशल मसाला, रेसिपी भी है बहुत आसान


Chaumasa Masala Recipe: चौमासे में जब घर का खाना बिना प्याज और लहसुन के बनने लगे तो कई बार सब्जी का स्वाद थोड़ा फीका लगने लगता है. रोज की दाल, सब्जी और पराठे में वही स्वाद दोहराने से मन भी ऊब जाता है. ऐसे में रसोई में रखा एक खास मसाला खाने का स्वाद बदल सकता है. फ़ूड क्रिएटर रश्मि जैन ने चौमासा स्पेशल मसाले की ऐसी रेसिपी शेयर की है, जिसे घर में मौजूद कुछ सूखी चीजों से आसानी से तैयार किया जा सकता है.

इसमें करी पत्ता, मूंगफली, लाल मिर्च, धनिया, जीरा और नारियल जैसे सामान का इस्तेमाल होता है. खास बात यह है कि इसे सिर्फ सब्जी ही नहीं, बल्कि कई दूसरी डिशेज के साथ भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

चौमासा स्पेशल मसाला बनाने के लिए क्या चाहिए
इस मसाले की खासियत इसका अलग-अलग चीजों का संतुलित मिश्रण है. इसे बनाने के लिए ताजा करी पत्ता, मूंगफली, सूखी साबुत लाल मिर्च, साबुत धनिया, जीरा और नारियल का बुरादा लें. स्वाद के लिए नमक और चाट मसाला डालें. थोड़ी हींग और खट्टापन देने के लिए साइट्रिक एसिड यानी टाटरी या नींबू का सत भी इस्तेमाल किया जा सकता है. मसाले की मात्रा अपनी पसंद और जरूरत के हिसाब से रखी जा सकती है, अगर आपको तीखा स्वाद पसंद है तो सूखी लाल मिर्च थोड़ी ज्यादा रख सकते हैं. वहीं चाट मसाले और टाटरी की मात्रा कम से शुरू करना बेहतर रहेगा, ताकि मसाला जरूरत से ज्यादा खट्टा न हो जाए.

सबसे पहले करी पत्ते को करें क्रिस्पी
मसाला बनाने की शुरुआत करी पत्ते से करें. ताजे और साफ करी पत्तों को बिना तेल के कड़ाही में डालकर धीमी आंच पर भूनें. इन्हें लगातार चलाते रहें ताकि पत्ते जलें नहीं. जब करी पत्ते अच्छी तरह सूखकर कुरकुरे हो जाएं तो उन्हें प्लेट में निकाल लें और ठंडा होने दें. करी पत्ते को इस तरह भूनने से उसमें मौजूद नमी कम हो जाती है और मसाले में इसकी खुशबू अच्छी तरह आती है. ध्यान रखें कि पत्तियों का रंग बहुत ज्यादा काला न पड़े.

मूंगफली और सूखे मसालों को भूनना है जरूरी
अब उसी कड़ाही में मूंगफली, साबुत लाल मिर्च, साबुत धनिया, जीरा और नारियल का बुरादा डालें. इन्हें धीमी आंच पर करीब 2 से 3 मिनट तक सूखा भूनें. मसालों से खुशबू आने लगे और मूंगफली व नारियल हल्के रोस्ट हो जाएं तो गैस बंद कर दें. यहां तेज आंच रखने की जरूरत नहीं है. लाल मिर्च और नारियल जल्दी जल सकते हैं. इसलिए धीमी आंच पर थोड़ी देर भूनना बेहतर रहेगा. सभी सामग्री को भूनने के बाद पूरी तरह ठंडा होने दें.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

अब तैयार करें चटपटा मसाला
जब करी पत्ता और बाकी सामग्री ठंडी हो जाए तो इन्हें मिक्सर जार में डालें. सबसे पहले करी पत्ते डालें और फिर भुनी हुई मूंगफली, लाल मिर्च, धनिया, जीरा और नारियल का मिश्रण डाल दें. अब इसमें स्वादानुसार नमक, चाट मसाला और एक चुटकी हींग मिलाएं. खट्टापन बढ़ाने के लिए थोड़ी टाटरी या नींबू का सत डाल सकते हैं. इसके बाद सारी सामग्री को बारीक पीस लें. मसाला बहुत ज्यादा देर तक लगातार पीसने से मूंगफली और नारियल से तेल निकल सकता है. इसलिए जरूरत के हिसाब से मिक्सर चलाएं.

मसाले को सही तरह से करें स्टोर
मसाला तैयार होने के बाद उसे तुरंत गीले या गर्म कंटेनर में न भरें. पहले यह पूरी तरह ठंडा हो जाए. इसके बाद इसे साफ और सूखे एयरटाइट कांच के जार में भरकर रखें. मसाले को निकालते समय हमेशा सूखी चम्मच का इस्तेमाल करें. स्टोरेज की अवधि इस बात पर भी निर्भर करेगी कि सामग्री कितनी अच्छी तरह सूखी और भुनी हुई है तथा मसाला किस तरह रखा गया है. इसलिए नमी से बचाना सबसे जरूरी है.

सब्जी से लेकर पराठे तक में आएगा काम
इस मसाले को सूखी और रसेदार दोनों तरह की सब्जियों में इस्तेमाल किया जा सकता है. सब्जी तैयार होने के बाद ऊपर से थोड़ी मात्रा छिड़कने पर करी पत्ता, मूंगफली और भुने मसालों का स्वाद अलग से महसूस होता है. दाल, चावल और पराठे के साथ भी इसे आजमाया जा सकता है.

अगर घर में खाखरा, स्टफ्ड पूरी या चटनी जैसी चीजें बनती हैं तो उनमें भी यह मसाला स्वाद बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. हालांकि पहली बार इस्तेमाल करते समय कम मात्रा डालना अच्छा रहेगा. इससे आप अपनी पसंद के हिसाब से इसका स्वाद समझ सकेंगे और अगली बार मात्रा बढ़ा सकते हैं.



Source link