मोतिहारी: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में एक सरकारी शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है. मृतक की पहचान मोहम्मद शमशाद के रूप में हुई है, जो बंजरिया प्रखंड क्षेत्र में सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत थे. उनके परिजनों ने पूर्व प्रखंड प्रमुख मोहम्मद चमन समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पंचायत की योजनाओं की जांच को लेकर सक्रिय थे शमशाद
मृतक शमशाद के परिजनों के मुताबिक, मोहम्मद शमशाद पंचायत की विभिन्न योजनाओं में कथित अनियमितताओं की जानकारी जुटाते थे और सरकारी विभागों में इसकी जांच के लिए आवेदन भी देते थे. इसी वजह से उनका कुछ लोगों से विवाद चल रहा था. परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के चलते उनके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई. वहीं, बताया जा रहा है कि मिट्टी कटाई को लेकर भी शमशाद और कुछ लोगों के बीच पहले विवाद और मारपीट हुई थी. हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है. इस पूरे मामले में पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
पूर्व प्रखंड प्रमुख पर लगा हत्या का आरोप
वहीं, मृतक के परिजनों ने पूर्व बंजरिया प्रखंड प्रमुख मोहम्मद चमन पर शमशाद की पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाया है. चमन पूर्व में बंजरिया प्रखंड के प्रमुख रह चुके हैं. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना में शामिल बताए जा रहे लोगों की पहचान की जा रही है और लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
शव मिलने के बाद हुआ जमकर हंगामा
इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने मोहम्मद शमशाद का शव लेकर मोतिहारी के अस्पताल चौक पहुंच गए. परिजनों ने करीब ढाई घंटे तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की. इस मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया. जहां परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से फोन पर बातचीत के बाद शव के पोस्टमार्टम के लिए सहमति जताई.
दोषियों पर कार्रवाई का पुलिस ने दिया आश्वासन
सदर एसडीपीओ दिलीप कुमार ने बताया कि एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है. उन्होंने कहा कि पुलिस ने गुमशुदगी के मामले के बाद युवक का शव बरामद किया है. इस घटना में शामिल लोगों को चिह्नित किया जा रहा है. जहां लिखित शिकायत मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि जांच में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी.
वहीं, सदर एसडीओ अरुण पांडे ने कहा कि युवक की हत्या के बाद परिजनों ने शव के साथ अस्पताल चौक पर सड़क जाम किया था. इस पूरे मामले को प्रशासन ने गंभीरता से लेकर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है. अधिकारियों के अनुसार, जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. इसके साथ ही पुलिस हत्या के कारणों, घटना में शामिल लोगों और पूर्व विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच कर रही है.